{"_id":"5798f1724f1c1bd66021e3d8","slug":"old-and-young-man-killed-in-accidents","type":"story","status":"publish","title_hn":"हादसों में वृद्ध व युवक की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हादसों में वृद्ध व युवक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
Updated Wed, 27 Jul 2016 11:07 PM IST
विज्ञापन
दुर्घटना
- फोटो : demo pic
विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में एक वृद्ध व एक युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना से संबंधित परिवारीजनों में रोना-पीटना मचा हुआ है। उधर, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए।
विज्ञापन
सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत गंभीर होने पर एक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। किसी भी घायल बाइक सवार ने हेल्मेट नहीं पहना था।
विज्ञापन
हजपुरा प्रतिनिधि के अनुसार सम्मनपुर थाना अंतर्गत कजपुरा गांव निवासी मोहम्मद खालिद (30) पुत्र अब्दुल कादिर मंगलवार देर शाम बाइक से अकबरपुर आते समय सैदापुर बाजार के निकट सामने से आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में बेकाबू हो गया। इससे पहले कि वह बाइक नियंत्रित करता, वह सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया।
विज्ञापन
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। गंभीर रूप से घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी होने पर परिवारीजन भी रोते-पीटते जिला अस्पताल पहुंच गए। इसी बीच मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, हंसवर प्रतिनिधि के अनुसार हंसवर थाना अंतर्गत कटोखर गांव निवासी रहमतुल्लाह (70) पुत्र मुमताज व मोहम्मद सैफ (18) पुत्र मुहीबुर्रहमान मंगलवार देर शाम एक ही बाइक से आलापुर जा रहे थे। बाइक सैफ चला रहा था। रामनगर बाजार के निकट पीछे से आ रहे ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
घटना से मौके पर हड़कंप मच गया। आननफानन में गंभीर रूप से घायल दोनों को सीएचसी रामनगर ले जाया गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां चिकित्सकों ने रहमतुल्लाह को मृत घोषित कर दिया जबकि मोहम्मद सैफ को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, अकबरपुर थाना अंतर्गत रामपुर गांव निवासी सूर्यकुमार (22) पुत्र संतकुमार बुधवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर एक अन्य बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, जलालपुर थाना अंतर्गत वाजिदपुर गांव निवासी दीपचंद्र (20) पुत्र राजेंद्र, संदीप (21) पुत्र अच्छेलाल व वीरेंद्र (22) पुत्र रामबहादुर बुधवार सुबह एक ही बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गए।
सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां दीपचंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है। किसी भी घायल बाइक सवार ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।