{"_id":"6bc0ae8a4886db07d93a25f7db2f43a3","slug":"woman-shot-dead-in-land-dispute-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"भूमि विवाद में महिला की गोली मारकर हत्या","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
भूमि विवाद में महिला की गोली मारकर हत्या
अबेडकरनगर/अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 18 Feb 2016 10:09 PM IST
विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, गांव निवासी बैतुल्लाह का गांव के ही फारूक व वीरेंद्र कुमार सिंह से लंबे समय से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। मामला पुलिस तक भी पहुंचा, लेकिन स्थाई निस्तारण नहीं किया जा सका।
विज्ञापन
बताया जाता है कि बुधवार देर शाम फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिस पर ग्रामीणों ने समझा बुझाकर शांत करा दिया। बैतुल्लाह का आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। गुरुवार सुबह पांच बजे बैतुल्लाह की पुत्री उमेरा (25) बरामदे में अपने डेढ़ माह के मासूम बच्चे के साथ सो रही थी।
विज्ञापन
इसी बीच बाइक से आए दो लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर जब तक लोग वहां पहुंचते बाइक सवार भाग चुके थे। परिजन उमेरा को लेकर अस्पताल जाते उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। सुबह-सुबह गांव में हुई हत्या से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
विज्ञापन
ग्रामीणों की सूचना पर एसओ जैतपुर आरडी मिश्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी अजय सिंह, सीओ जलालपुर ओंकार सिंह के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
बैतुल्लाह को समझकर की फायरिंग
भूमि विवाद में बुधवार देर शाम फारूक व वीरेंद्र का विवाद बैतुल्लाह से हुआ था। बरामदे में जिस चारपाई पर वह सोई थी, उस पर बैतुल्लाह सोता था। बुधवार रात उमेरा छोटे बेटे के साथ उसी चारपाई पर लेटी थी। बैतुल्लाह दूसरी जगह सो गया। उमेरा कंबल ओढ़े थी इसलिए हमलावरों ने बैतुल्लाह समझकर उस पर फायरिंग की थी।
दो दिन पहले ही उमेरा आई थी मायके
उमेरा का विवाह चार वर्ष पूर्व बस्ती जिले में हुआ था। उसके दो बेटे हैं। इनमें से एक की उम्र दो वर्ष और दूसरा डेढ़ माह का है। दो दिन पहले ही वह अपने मायके आई थी। इस घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीण कह रहे थे कि अब उमेरा के बेटों का लालन-पालन कैसे होगा।
डेढ़ माह के मासूम की हालत खराब
उमेरा की मौत के बाद परिजन उसके बेटों को किसी तरह संभालने में जुटे हैं। डेढ़ माह के मासूम की हालत सबसे ज्यादा खराब है। बार-बार विलख रहे मासूम को देखकर हर किसी की आंखें भर आईं।
तीन विस्वा जमीन के लिए हुई हत्या
ग्रामीणों ने बताया कि तीन विस्वा कृषि योग्य भूमि को लेकर बैतुल्लाह का काफी समय से विवाद चल रहा है। किसी को क्या पता था कि बैतुल्लाह के इस विवाद में उसकी बेटी उमेरा की जान चली जाएगी।
वारदात के वक्त घर में सभी लोग
बैतुल्लाह के घर घुसे हमलावरों ने जब फायरिंग की तो घर में सभी लोग मौजूद थे। बैतुल्लाह की पत्नी और उमेरा समेत उसके छह भाई बहन अलग-अलग स्थानों पर सो रहे थे।
कनपटी पर लगी गोली
गोली उमेरा की कनपटी पर लगी है। पुलिस ने अनुसार, उमेरा को किस बोर की गोली लगी है यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा।
बैतुल्लाह की तहरीर पर गांव निवासी फारूक, वीरेंद्र सिंह व नरेंद्र के विरुद्ध कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। - आरडी मिश्र, एसओ जैतपुर