खुलासा : पूर्व की रंजिश के चलते की गई थी युवक की हत्या, वारदात में दो महिलाएं भी थीं शामिल
घूरपुर में श्वेतांश उर्फ अमन मिश्रा की हत्या पूर्व की रंजिश में की गई थी। कभी दोस्त रहे नितीश केशरवानी ने अपने ही घर में दो भाइयों संग मिलकर चापड़ से गला रेतकर उसकी हत्या की थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
घूरपुर में श्वेतांश उर्फ अमन मिश्रा की हत्या पूर्व की रंजिश में की गई थी। कभी दोस्त रहे नितीश केशरवानी ने अपने ही घर में दो भाइयों संग मिलकर चापड़ से गला रेतकर उसकी हत्या की थी। नितीश अभी फरार है जबकि उसके दो भाई, मां व भाभी को गिरफ्तार कर पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में नितीश का भाई पुरुषोत्तम, एक अन्य भाई शुभम, मां शिवकली व भाभी ममता शामिल हैं। रविवार को चारों को जेल भी भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि जसरा बाजार घूरपुर निवासी नितीश व अमन पहले दोस्त थे। लेकिन कुछ महीनों पहले उनमें विवाद हो गया था। इसके बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को पीटा भी था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 18 जनवरी की रात आठ बजे के करीब अमन मुख्य आरोपी नितीश के घर की ओर गया था।
इसी दौरान आरोपियों ने उसे घर के भीतर खींच लिया। इसके बाद तीनों भाइयों ने उसे दबोचकर पीटना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद पुरुषोत्तम व शुभम ने उसके हाथ-पैर पकड़ लिए जबकि नितीश ने चापड़ से अमन का गला रेत दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। दो घंटे तक शव घर के भीतर ही पड़ा रहा।
रात 10 बजे के करीब सन्नाटा होने पर दौना मंदिर से लगभग 300 मीटर की दूरी पर ले जाकर शव फेंकने के बाद आरोपी भाग निकले। डीसीपी यमुनानगर दीपक भूकर ने बताया कि घटनास्थल पर खून नहीं मिलने के बाद ही शक हो गया था कि हत्या कहीं और करने के बाद शव वहां लाकर फेंका गया था। जांच में पता चला कि नितीश से मृतक का विवाद चल रहा था।
यह भी बात सामने आई कि घटना वाली रात वह नितीश के ही घर के पास देखा गया था। आरोपियों से पूछताछ की गई तो उन्होंने घटना कबूल ली। गिरफ्तार दोनों महिलाओं को घटना की जानकारी थी और घटना के दौरान वह बाहर रेकी कर रही थीं। आरोपियों के घर के एक कमरे की दीवार पर खून के छींटे मिले हैं। साथ ही चापड़ भी बरामद कर लिया गया है। नितीश की तलाश की जा रही है।