प्रयागराज : मतदान केंद्र के पास झोले में बम फटने से एक युवक की मौत, एक घायल, मची अफरातफरी
गौसिया स्कूल के पास एक युवक साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान उसके झोले में रखा बम तेज आवाज के साथ फट गया। इससे युवक के चिथड़े उड़ गए। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हो गया है। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर मतदान केंद्र है, जहां पर बड़ी संख्या में लोग वोट देने के लिए जुटे थे। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई।
विस्तार
शहर दक्षिणी के मतदान केंद्र मंडलीय राजस्व प्रशिक्षण विद्यालय गौसनगर करेली के पास झोले में बम फटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई है। मौके पर पुलिस पहुंच गई है। घटना को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
गौसिया स्कूल के पास एक युवक साइकिल से जा रहा था। इसी दौरान उसके झोले में रखा बम तेज आवाज के साथ फट गया। इससे युवक के चिथड़े उड़ गए। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल भी हो गया है। घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर मतदान केंद्र है, जहां पर बड़ी संख्या में लोग वोट देने के लिए जुटे थे। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई।
पुलिस का कहना है कि यह दोनों विस्फोटक लेकर कहां जा रहे थे यह अभी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। घायल युवक से पूछताछ की जा रही है। घटना स्थल से पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया है।
घटना स्थल से कुछ ही दूर पर एक दूसरा मतदान केंद्र गौस मेमोरियल गर्ल्स इंटर कॉलेज है। दोनों मतदान केंद्र शहर पश्चिमी के अंतर्गत आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाके के बाद मतदान केंद्र का गेट कुछ देर के लिए बंद कर दिया गया था। हालांकि पुलिस अफसरों ने गेट बंद करने की बात से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि मतदान सुचारू रूप से चलता रहा।