प्रयागराज : शाइस्ता का चुनाव प्रचार करते वीडियो वायरल, पांच लाख का इनामी भी साथ में
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन का चुनाव प्रचार करते एक वीडियो वायरल हुआ है, इसमें पांच लाख का इनामी शूटर अरमान भी दिखाई दे रहा है। वीडियो में शाइस्ता मेयर का चुनाव प्रचार करती दिख रही हैं। समर्थकों द्वारा जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं।
विस्तार
अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन का चुनाव प्रचार करते एक वीडियो वायरल हुआ है, इसमें पांच लाख का इनामी शूटर अरमान भी दिखाई दे रहा है। वीडियो में शाइस्ता मेयर का चुनाव प्रचार करती दिख रही हैं। समर्थकों द्वारा जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं। शूटर अरमान उनके आस पास ही बना रहता है। वीडियो हत्याकांड से कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है।
शाइस्ता परवीन का यह दूसरा वीडियो है, जिसमें वह पांच लाख के इनामी शूटर के साथ दिख रही हैं। इससे पहले उमरपुर नीवा में उनका वीडियो वायरल हुआ था। उसमें भी वह चुनाव प्रचार के लिए जाती दिख रही हैं। उनके साथ पांच लाख का इनामी शूटर साबिर भी दिखा था। साबिर के साथ वीडियो वायरल होने के बाद ही पुलिस ने शाइस्ता पर 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया था।
उसके बाद पुलिस ने अतीक के गुर्गे बली पंडित को हिरासत में ले लिया था। शाइस्ता उमरपुर नीवा में बली पंडित से मिलने गईं थीं। उमेश पाल हत्याकांड में जिन पांच शूटरों पर इनाम घोषित हुआ है, उनमें से दो के साथ शाइस्ता परवीन के वीडियो वायरल हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि शाइस्ता हत्याकांड से पहले सभी शूटरों के संपर्क में थीं।
अतीक के करीबी कई पूर्व पार्षद भी जांच के घेरे में
अतीक अहमद और गिरोह से संबंधों के आरोप में कुछ पार्षद भी जांच के घेरे में हैं। इनकी संख्या एक दर्जन के आस पास बताई जा रही है। पुलिस को पता चला है कि इनमें से कई लोग अतीक गिरोह के साथ मिलकर जमीन का धंधा करते हैं। कई पर जमीन कब्जे का भी आरोप है।
पार्षदी के चुनाव में अतीक काफी दखलंदाजी रहती थी। उसके कई करीबी कई बार पार्षद रह चुके हैं। अपने करीबियों को जिताने के लिए अतीक पैसे की थैली खोल देता था। ऐसे 10-12 पूर्व पार्षदों की जांच की जा रही है। कुछ पार्षदों ने तो अतीक से संबंधों के कारण अकूत संपत्ति इकट्ठा कर ली। अधिकांश अतीक गिरोह के साथ जमीन के धंधे में लिप्त हैं। विवादित जमीन पर काबिज लोगों को अतीक का खौफ दिखाकर जमीन को खाली कराने के धंधे में कई पूर्व पार्षदों का नाम आया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।