UPPSC : रिजल्ट तो आया, पर उत्तरकुंजी और कटऑफ नहीं, अभ्यर्थियों ने शीघ्र जारी करने की मांग की
पीसीएस के कुल 678 पदों के मुकाबले 627 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया था। उपयुक्त अभ्यर्थी न मिलने के कारण 51 पद खाली रह गए, जिनमें दो पद श्रम प्रवर्तन अधिकारी और 49 पद प्रधानाचार्य के हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस-2021 का अंतिम चयन परिणाम तो जारी कर दिया, लेकिन उत्तरकुंजी, कटऑफ एवं मार्कशीट अभी जारी नहीं की। अभ्यर्थियों ने आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठते हुए मांग की है कि मार्कशीट, उत्तरकुंजी एवं कटऑफ शीघ्र जारी किए जाएं। आयोग ने 19 अक्तूबर को पीसीएस-2021 का अंतिम चयन परिणाम जारी किया था।
पीसीएस के कुल 678 पदों के मुकाबले 627 पदों पर अभ्यर्थियों को चयनित घोषित किया गया था। उपयुक्त अभ्यर्थी न मिलने के कारण 51 पद खाली रह गए, जिनमें दो पद श्रम प्रवर्तन अधिकारी और 49 पद प्रधानाचार्य के हैं। चयन परिणाम में असफल रहे अभ्यर्थी जानना चाहते हैं कि वे चयनित होने से कितने अंकों से पीछे रह गए।
अभ्यर्थियों को यह तभी मालूम हो सकेगा, जब आयोग पीसीएस परीक्षा का कटऑफ एवं प्राप्तांक जारी करेगा। पूर्व में आयोग परीक्षा परिणाम वाले दिन ही कटऑफ एवं प्राप्तांक जारी कर देता था, लेकिन पिछली कुछ परीक्षाओं के प्राप्तांक एवं कटऑफ इतनी देर से जारी किए गए कि तब तक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति भी मिल चुकी थी। इस मसले पर अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका भी दाखिल की थी।
इन्हीं में से एक प्रतियोगी छात्र संघर्ष समिति के मीडिया प्रभारी प्रशांत पांडेय का कहना है कि आयोग ने पीसीएस-2019 और पीसीएस-2020 की उत्तरकुंजी, कटऑफ एवं प्राप्तांक तब जारी किए, जब अभ्यर्थी न्यायालय पहुंचे। पीसीएस-2021 की उत्तरकुंजी, प्राप्तांक एवं कटऑफ जारी करने में आयोग देर कर रहा है।
हाल ही में सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों को भी उत्तरकुंजी के लिए न्यायालय में याचिका दाखिल करनी पड़ी है। आयोग अगर समय से उत्तरकुंजी, कटऑफ एवं प्राप्तांक जारी कर देता है तो अभ्यर्थी अपना मूल्यांकन कर अगली परीक्षाओं की तैयारी बेहतर ढंग से कर सकेंगे। आयोग को अभ्यर्थियों की मांगों को गंभीरता से लेना चाहिए और समय से उत्तरकुंजी, प्राप्तांक, कटऑफ जारी करने चाहिए।