UPHESC : चार विषयों के चयनितों को 25 मई को आवंटित होंगे कॉलेज
निदेशालय ने 13 मई को 10 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से कॉलेज आवंटित किए थे और उसी दिन उनके नियुक्ति पत्र भी ऑनलाइन जारी कर दिए गए थे। 13 मई को असिस्टेंट प्रोफेसर महिला अध्ययन के एक पद पर चयनित अभ्यर्थी को भी कॉलेज आवंटित होना था।
विस्तार
प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या-50 के तहत चार विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 207 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 25 मई को कॉलेज आवंटित कर दिए जाएंगे। पहले तीन विषयों की काउंसलिंग प्रस्तावित थी, लेकिन अब महिला अध्ययन विषय को भी शामिल कर लिया गया है। इसके साथ ही निदेशालय को उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) से वाणिज्य विषय का संशोधित परिणाम भी मिल गया है, जिसके चयनितों को 31 मई को कॉलेज आवंटित किए जाएंगे। निदेशालय ने शनिवार को यह रिपोर्ट शासन को भेजी है।
निदेशालय ने 13 मई को 10 विषयों के चयनित अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से कॉलेज आवंटित किए थे और उसी दिन उनके नियुक्ति पत्र भी ऑनलाइन जारी कर दिए गए थे। 13 मई को असिस्टेंट प्रोफेसर महिला अध्ययन के एक पद पर चयनित अभ्यर्थी को भी कॉलेज आवंटित होना था, लेकिन इस विषय का मामला कोर्ट में विचाराधीन होने के कारण इसकी काउंसलिंग स्थगित कर दी गई थी। अब 25 मई को महिला अध्ययन विषय के चयनित अभ्यर्थी की काउंसलिंग कराई जाएगी। हालांकि, इस विषय में कॉलेज आवंटन एवं नियुक्ति कोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।
आवंटन के साथ नियुक्ति पत्र भी जारी किए जाएंगे
इसके अलावा 25 मई को ही असिस्टेंट प्रोफेसर शारीरिक शिक्षा के 23, वनस्पति विज्ञान के 87 और प्राणि विज्ञान विषय के 96 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को भी ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से 25 मई को कॉलेज आवंटन के साथ नियुक्ति पत्र जारी किए जाएंगे।
उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने असिस्टेंट प्रोफेसर वाणिज्य के 79 पदों का संशोधित परिणाम भी निदेशालय को भेज दिया है और निदेशालय ने काउंसलिंग की तिथि 31 मई निर्धारित की है। इससे पूर्व आयोग ने जो परिणाम भेजा था, उसमें त्रुटि के कारण निदेशालय को वाणिज्य विषय के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग स्थगित करनी पड़ गई थी। 31 मई से पहले अगर आयोग कुछ अन्य विषयों के परिणाम निदेशालय को भेजता है, तो उन विषयों के चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग भी 31 मई को करा दी जाएगी।