यूपीएचईएससी : असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती की उत्तरकुंजी जारी, 18 दिसंबर मांगी गई हैं आपत्तियां
अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में 30 अक्तूबर को 16 विषयों, दूसरे चरण में 13 नवंबर को 18 विषयों और तीसरे चरण में 28 नवंबर को 13 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में 47 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 2002 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित परीक्षा की अनंतिम उत्तरकुंजी शुक्रवार को जारी कर दी। आयोग ने अभ्यर्थियों ने 18 दिसंबर तक आपत्तियां आमंत्रित की हैं।
अशासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में 30 अक्तूबर को 16 विषयों, दूसरे चरण में 13 नवंबर को 18 विषयों और तीसरे चरण में 28 नवंबर को 13 विषयों की परीक्षा आयोजित की गई थी। आयोग ने एक साथ सभी 47 विषयों की उत्तरकुंजी जारी की है। आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी के अनुसार अभ्यर्थी 18 दिसंबर तक अपनी आपत्तियां आयोग के ई-मेल ‘uphescobjection50@gmail.com’ पर और उसकी हार्ड कॉपी साक्ष्यों सहित पंजीकृत डाक से निर्धारित तिथि तक आयोग में उपलब्ध करा सकते हैं।
सचिव के मुताबिक निर्धारित तिथि के बाद आपत्तियां प्राप्त होने या बिना साक्ष्य के प्राप्त आपत्तियों पर आयोग कोई विचार नहीं करेगा। अनंतिम उत्तरकुंजी आयोग के पोर्टल ‘www.uphesc2021.co.in’ एवं आयोग की वेबसाइट ‘www.uphesc.org’ पर उपलब्ध है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि अंतिम उत्तरकुंजी के लिए अभ्यर्थियों को एक माह का इंतजार करना पड़ सकता है। इस बार विषयों की संख्या काफी अधिक है। विशेषज्ञों की कमेटियां आपत्तियों का निस्तारण करेंगी। इसके बाद कमेटियों की रिपोर्ट के आधार पर आयोग अंतिम उत्तरकुंजी जारी करेगा।
यूपीपीएससी भी एक माह में जारी करे उत्तरकुंजी
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने भी आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2021 की उत्तरकुंजी पर आपत्तियां मांग रखीं हैं। आयोग ने पिछली कई परीक्षाओं के अंतिम चयन परिणाम जारी किए जाने के बाद भी अंतिम उत्तरकुंजी जारी नहीं की है। अभ्यर्थियों को आशंका है कि आयोग आपत्तियां लेने के बाद फिर से अंतिम उत्तरकुंजी फंसा देगा।
ऐसे में आपत्तियां करने वाले अभ्यर्थियों को परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी होने के बाद लंबे समय तक पता नहीं चल सकेगा कि उनकी आपत्तियों का क्या हुआ। अभ्यर्थियों ने मांग की है कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग भी अनंतिम उत्तरकुंजी पर आपत्तियां लेने के बाद एक माह के भीतर संशोधित एवं अंतिम उत्तरकुंजी जारी करे। साथ ही अंतिम चयन परिणाम वाले दिन कटऑफ एवं प्राप्तांक जारी किए जाएं।