यूपी विधानसभा चुनाव 2022 : पीएम मोदी बोले- सशक्त उत्तर प्रदेश के बिना मजबूत भारत की कल्पना नहीं, नाम लिए बिना अखिलेश पर तंज
पीएम ने अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर कहा कि परिवारवादी, भाई-भतीजावाद, जातिवादी, अफवाहवादी और पलायनवादी के साथ वह लोग अब अंधविश्वासी भी हो गए हैं। अंधविश्वास के कारण बिजनौर और नोएडा नहीं जाते हैं। ताकि कुर्सी न चली जाए। यह यूपी के लोगों का अपमान है। नोएडा और बिजनौर से आने वाले टैक्स पर मलाई मारने के लिए तैयार हैं, लेकिन वहां जाने के लिए तैयार नहीं हैं।
विस्तार
फाफामऊ में आयोजित भाजपा की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा पर जमकर निशाना साधा वहीं भाजपा सरकार की जमकर तारीफ की। कहा कि प्रयागराज की यह धरती भगवान श्रीराम और श्रीनिषाद राज के मित्रता की साक्षी है। शहीद चंद्रशेखर आजाद के बलिदान का रक्त भी इस धरती में समाहित है। चार चरणों के मतदान में यूपी में लोग भाजपा को भरपूर आशीर्वाद दे रहे हैं। जनता की आकांक्षाओं और उम्मीदों पर उतरने के लिए डबल इंजन की सरकार दिन रात मेहनत कर रही है।
पीएम ने कहा कि प्रयागराज सीएम योगी और केशव के नेतृत्व में हुए कुंभ को पूरी दुनिया ने सराहा। यूनेस्को ने कुंभ को विश्व विरासत का दर्जा दिया। यह काम भाई-भतीजावादी सरकार में नहीं हो सकता था। जिन लोगों ने वैक्सीन को लेकर अफवाह फैलाई और अपने फायदे के लिए भोली-भाली जनता को मौत के मुंह में झोंकने का प्रयास किया उन लोगों को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
पीएम ने अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर कहा कि परिवारवादी, भाई-भतीजावाद, जातिवादी, अफवाहवादी और पलायनवादी के साथ वह लोग अब अंधविश्वासी भी हो गए हैं। अंधविश्वास के कारण बिजनौर और नोएडा नहीं जाते हैं। ताकि कुर्सी न चली जाए। यह यूपी के लोगों का अपमान है। नोएडा और बिजनौर से आने वाले टैक्स पर मलाई मारने के लिए तैयार हैं, लेकिन वहां जाने के लिए तैयार नहीं हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि 2017 की पहले वाली सरकारों ने यहां के नौजवानों के साथ छल किया। उस समय नौकरी का पैमाना भाई-भतीजावाद, परिवारवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद और नोटों का बंडल होता था। योगी की सरकार में बिना किसी भेदभाव के युवाओं को नौकरियां दी गईं। उन लोगों ने दस साल में दो लाख लोगों को नौकरी दी जबकि योगी सरकार ने पांच साल में पांच लाख लोगों को रोजगार दिया। अपने भाषण के दौरान उन्होंने कई बार अनुप्रिया पटेल, डॉ. संजय निषाद का नाम लिया। डॉ. सोनेलाल से अपने पुराने संबंधों को भी याद किया।