यूपीटीईटी में अंतिम दिन तक 18 लाख से अधिक पंजीकरण
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) 2019 के लिए पंजीकरण के अंतिम दिन तक 18 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण किया, जबकि 14.57 लाख से अधिक ने शुल्क जमा करने के साथ आवेदन पूरा कर लिया। यूपीटीईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया एक नवंबर से शुरू हुई थी। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम 6.40 बजे तक कुल 1152575 पंजीकरण हुए, जबकि कुल 1073556 अभ्यर्थियों ने अपने आवेदन पूरे कर लिए। यूपीटीईटी में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक को मिलाकर कुल 14.57 लाख आवेदन पूरे हो गए हैं।
सचिव परीक्षा नियामक अनिल भूषण चतुर्वेदी ने बताया कि देर रात तक यूपीटीईटी में लगभग 18 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के पंजीकरण पूरे हो गए। 21 नवंबर को शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि है, इसके बाद पता चलेगा कि कितने अभ्यर्थी शुल्क जमा करके आवेदन पूरा कर सके। सचिन ने बताया कि यूपीटीईटी के परीक्षार्थियों की सही संख्या का आकलन 22 नवंबर को आवेदनों के फाइनल प्रिंट निकाले जाने के बाद होगा। 2018 में यूपीटीईटी के लिए पंजीकरण कराने वाले 22.77 लाख अभ्यर्थियों में से 18.25 लाख अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया था।
पंजीकरण हुआ पर नहीं जमा हो रही फीस
यूपीटीईटी की वेबसाइट से फीस जमा करने में परेशानी आ रही है। सचिव परीक्षा नियामक की वेबसाइट पर 18 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने पंजीकरण तो पूरा कर लिया, लेकिन वेबसाइट के ठीक नहीं चलने से अब तक अंतिम रूप से शुल्क जमा करके आवेदन करने वालों में मात्र 14.57 लाख शामिल हैं। आवेदकों का कहना है कि पंजीकरण करने के बाद पूरी रात साइबर पर बैठकर फीस जमा करने के लिए प्रयास करने के बाद भी सफलता नहीं मिली।