यूपी चुनाव 2022 : भाजपा के छोटे नेता छोटा और बड़े नेता बड़ा झूठ बोल रहे, प्रयागराज में बोले अखिलेश यादव
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि यह चुनाव बदहाली से प्रदेश को बचाने और संविधान बचाने का चुनाव है। सपा की सरकार बनी तो 11 लाख खाली पदों पर प्राथमिकता के आधार पर भर्ती की जाएगी। अनुदेशकों को नियमित किया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सपा मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीजेपी के छोटे नेता छोटा झूठ, बड़े नेता बड़ा झूठ और सबसे बड़े नेता सबसे बड़ा झूठ बोल रहे हैं। जनता का इन लोगों पर से विश्वास उठ गया है। जनता इस बार सपा की सरकार यूपी में बना रही है। दो चरणों के मतदान में सपा ने शतक पूरा कर लिया है। सपा की यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। अखिलेश करछना में पार्टी की जनसभा में बोल रहे थे।
बेरोजगारी, भर्तियों में अनियमितता को लेकर जारी आंदोलनों के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भर्तियों का पिटारा खोलने का वादा कर युवाओं को साधने की कोशिश की। उन्होंने कहा, प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो सरकारी विभागों में रिक्त 11 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी। यमुनापार की चारों विधानसभा क्षेत्रों की करछना में आयोजित सभा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखा।
बीएड संघर्ष मोर्चा, अनुदेशक समेत अनेक भर्तियों से जुड़े युवा अपना बैनर-पोस्टर लेकर अगली पंक्ति में खड़े थे। युवाओं के इस उत्साह और उम्मीदों से ख्रुद को जोड़ने में अखिलेश भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने कहा, सपा की सरकार बनने पर11 लाख रिक्त पदों के साथ पुलिस विभाग में भर्ती की जाएगी। बीएड वालों को समायोजित किया जाएगा।
शिक्षकों के 69 हजार पदों की भर्ती में हुई अनियमितता को दूर किया जाएगा। अनुदेशकों को नियमित किया जाएगा। शिक्षा मित्रों की स्थिति में सुधार होगा। संविदा कर्मियों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सभी वादे घोषणा पत्र में शामिल किए गए हैं जिन्हें पूरा किया जाएगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार में पेपर आउट हुए। परीक्षाएं निरस्त की गईं।
कोरोना काल में सबसे बुरा प्रभाव शिक्षा पर पड़ा। सपा की सरकार बनने पर इसमें सुधार किया जाएगा। सपा नेता ने कई तरह की घोषणा केसाथ महिलाओं को भी जोड़ने की कोशिश की। उन्होंने 33 प्रतिशत आरक्षण देने, महिलाओं के बेहतर शिक्षा व्यवस्था, बसों में मुफ्त यात्रा समेत अनेक घोषणाएं की।
उन्हाेंने मुफ्त सिंचाई, 300 यूनिट तक बिजली मुफ्त समेत अन्य घोषणाओं को भी दोहराया। अखिलेश ने महंगाई, भ्रष्टाचार, बैंकों के कर्ज डूबने, आदि मुद्दों को उठाकर आम मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश की। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छोटा चुनाव नहीं है। यह प्रदेश का भाग्य बनाने, देश और संविधान को बचाने, बदहाली से खुशहाली की ओर जाने का चुनाव है।
अखिलेश ने प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने का भी दावा किया। उन्हाेंने कहा कि पहले दो चरणों में सीटों का शतक लग चुका है। चार चरणों में दोहरा शतक लग जाएगा। सातों चरण के मतदान के बाद पार्टी बड़े बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। अखिलेश यादव ने करछना से पार्टी उम्मीदवार उज्जवल रमण सिंह, मेजा के संदीप सिंह पटेल, बारा के अजय भारती मुन्ना, कोरांव के रामदेव निडर को जिताने की अपील की।
जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव ने संचालन किया। इससे पहले राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह, स्टार प्रचारक नरेंद्र सिंह, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, महानगर अध्यक्ष आदि ने भी सपा प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील की। सपा अध्यक्ष की मौजूदगी में जगदीश ने पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की।
अखिलेश की सभा में भगदड़, बेकाबू हुए कार्यकर्ता
अखिलेश यादव की सभा में अव्यवस्था भी हावी रही। सपा नेता के पास पहुंचने की चाहत में कार्यकर्ता बेकाबू हो गए तथा भगदड़ मंच गई। सुरक्षा में लगी बेरिकेडिंग को तोड़कर वे मंच तक पहुंच गए। दर्जनों कार्यकर्ता तो मंच पर भी पहुंच गए। पूर्व मुख्यमंत्री को खतरा देख सुरक्षा कर्मियों ने एक युवक को नीचे ढकेल दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता चुटहिल भी हो गए।
दिन में 11.55 बजे अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर सभा स्थल के ऊपर मंडराने लगा। इसके बाद ही कार्यकर्ता बेकाबू हो गए। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हेलीपैड की तरफ भागे। अखिलेश के मंच पर आने के बाद तो कार्यकर्ताओं ने सभी बैरियर तोड़ दिए। पूर्व मुख्यमंत्री की सुरक्षा में बने डी को तोड़ दिया और तेजी से मंच की तरफ बढ़े। मंच काफी ऊंचा बना था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंच पर चढ़ने लगे। कई इसमें सफल भी हुए।
पंडाल में रखी गईं कई कुर्सियां टूंट गईं और लोग गिर गए। इस अव्यवस्था के सामने सुरक्षा एवं पुलिस कर्मी पूरी तरह से असहाय नजर आए। भगदड़ में कई लोग घायल भी हो गया। हालांकि किसी को गंभीर चोट नहीं पहुंची है। अखिलेश के संबोधन के दौरान भगदड़ तो थम गई थी लेकिन अव्यवस्था एवं कार्यकर्ताओं की मंच पर चढ़ने की कोशिश लगातार जारी रही। यह स्थिति अखिलेश यादव का हेलीकॉप्टर उड़ने तक बनी रही।
भर्तियों का पिटारा खोलने का वादा कर युवाओं को साधने की कोशिश
बेरोजगारी, भर्तियों में अनियमितता को लेकर जारी आंदोलनों के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भर्तियों का पिटारा खोलने का वादा कर युवाओं को साधने की कोशिश की। उन्होंने कहा, प्रदेश में सपा की सरकार बनी तो सरकारी विभागों में रिक्त 11 लाख पदों पर भर्ती की जाएगी।
यमुनापार की चारों विधानसभा क्षेत्रों की करछना में आयोजित सभा को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखा। बीएड संघर्ष मोर्चा, अनुदेशक समेत अनेक भर्तियों से जुड़े युवा अपना बैनर-पोस्टर लेकर अगली पंक्ति में खड़े थे। युवाओं के इस उत्साह और उम्मीदों से ख्रुद को जोड़ने में अखिलेश भी पीछे नहीं रहे।
0 सपा नेता अखिलेश यादव ने आदिवासियों के लिए पेंशन योजना की घोषणा की। उन्होंने कई अन्य योजनाओं से भी उन्हें जोड़ने की बात कही। अखिलेश ने वृद्धा एवं विधवा पेंशन भी तीन गुना करने की बात कही।
रामपूजन पटेल को दी श्रद्धांजलि
अखिलेश यादव ने पुण्य तिथि पर समाजवादी नेता रामपूजन पटेल को याद किया तथा श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्हाेंने दिवंगत होने वाले समाजवादी नेताओं को भी याद किया तथा श्रद्धांजलि दी।
अखिलेश की हंडिया एवं फूलपुर में सभा बृहस्पतिवार को
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृहस्पतिवार को फिर प्रयागराज में होंगे। वह गंगापार की पांच विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के पक्ष में हंडिया पॉलिटेक्निक मैदान तथा फूलपुर के लंका मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। हेलीकॉप्टर से पहले वह करीब 11.30 बजे हंडिया पहुंचेंगे।
वहां उनका कार्यकर्ताओं संग संवाद का भी कार्यक्रम है। इसके बाद एक बजे लंका मैदान में सभा को संबोधित करेंगे। इनके अलावा पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव बुधवार को प्रयागराज जाएंगे और 25 तक रहेंगे। इस दौरान वह सभी विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करेंगे। बुधवार को वह शहर उत्तरी एवं फाफामऊ में प्रचार करेंगे।