UP Election 2024 Result : आज तय होगा किसका कटेगा दिल्ली का टिकट, फूलपुर और इलाहाबाद चुनाव की मतगणना आठ बजे से
मतगणना मुंडेरा मंडी परिसर में सुबह आठ बजे से फूलपुर और इलाहाबाद लोकसभा के अलावा भदोही के दो विधानसभा क्षेेत्रों हंडिया एवं प्रतापपुर की मतगणना भी होगी। मतगणना विधानसभावार होगी। ऐसे में मतगणना के लिए विधानसभावार कुल 12 पंडाल बनाए गए हैं।
विस्तार
इलाहाबाद और फूलपुर लोकसभा के नए सांसद का फैसला मंगलवार को हो जाएगा। फूलपुर पर 15 तथा इलाहाबाद में 14 प्रत्याशी मैदान में हैं। भाजपा और गठबंधन के उम्मीदवारों के बीच सीधी लड़ाई के आसार हैं। इनके बीच काफी नजदीकी मुकाबला बताया जा रहा है और दोनों ही तरफ से जश्न की तैयारी है। जानकारों का कहना है कि हार-जीत का अंतर एक लाख से कम मतों रहने जा रहा है।
मतगणना मुंडेरा मंडी परिसर में सुबह आठ बजे से फूलपुर और इलाहाबाद लोकसभा के अलावा भदोही के दो विधानसभा क्षेेत्रों हंडिया एवं प्रतापपुर की मतगणना भी होगी। मतगणना विधानसभावार होगी। ऐसे में मतगणना के लिए विधानसभावार कुल 12 पंडाल बनाए गए हैं। हर पंडाल में 14 टेबल पर मतगणना होगी। एक टेबल एआरओ का भी होगा, जहां बैलेट मतों की गिनती की जाएगी।
मतगणना के लिए करीब ढाई सौ टीम में आठ सौ कर्मचारी शामिल किए गए हैं। हर विधानसभा में सभी 15 टेबल पर प्रत्याशियों के अभिकर्ता होंगे। अभिकर्ताओं को सुबह छह बजे बुलाया गया है। मतगणना के दौरान मंडी परिसर तथा आसपास के इलाके में फोर्स तैनात कर दी गई है। स्ट्रांग रुम प्रत्याशियों के मतगणना अभिकर्ताओं की मौजूदगी में खोला जाएगा। मतगणना के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। प्रेक्षकों के अलावा डीएम तथा अन्य अफसरों ने सोमवार को मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। डीएम अन्य अफसर देर रात तक मतगणना स्थल पर देर रात तक डटे रहे तथा तैयारियों का जायजा लिया।
सीसीटीवी कैमरे की रहेगी नजर
मतगणना की पूरी प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरे से भी नजर रखी जाएगी। इसके लिए मंडी परिसर के अलावा पंडालों में भी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा परिसर की सुरक्षा की त्रिस्तरीय व्यवस्था की गई है। मंडी परिसर में छह दर्जन से अधिक कैमरे लगाए गए हैं। आरओ कक्ष को कंट्रोल रूम बनाया गया है।
एआरओ टेबल से आयोग को भेजा जाएगा मतों का विवरण
चरणवार प्रत्याशियों को मिले मतों का विवरण एआरओ टेबल से ही आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इसकी प्रति आरओ को भेजी जाएगी। विवरण आयोग की वेबसाइट पर चरणवार अपलोड भी किया जाएगाा। इससे जल्द रुझान मिलने की उम्मीद है। सभी पंडाल में कम्प्यूटर लगाने के अलावा अन्य तैयारी पूर कर ली गई है। सभी एआरओ ने सोमवार को ही अपना-अपना पंडाल संभाल लिया।
नहीं निकाल पाएंगे विजयी जुलूस
पार्टी या विजयी प्रत्याशी मतगणना के बाद जुलूस नहीं निकाल पाएंगे। इसे प्रतिबंधित कर दिया गया है। मतगणना स्थल के दोनों तरफ निर्धारित दूरी तक किसी प्रत्याशी का कार्यालय नहीं खुल सकेगा और न ही समर्थकों का जमावड़ा रहेगा। भगवा या हरे-लाल रंग के कपड़ों की पगड़ी बांधे कार्यकर्ताओं पर भी कड़ी नजर रहेगी। ताकि, तनाव न बढऩे पाए। इन निर्देशों को सुनिश्चित करने के लिए फोर्स की तैनाती की गई है।