यूपी चुनाव 2022 : कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ की पत्नी डॉ. नीता के पास करोड़ों की संपत्ति
खुद को क्लाइव रोड प्रयागराज का निवासी बताते हुए 58 वर्षीय सिद्धार्थ नाथ सिंह के सीतापुर जिले में कृषि भूमि, खुशहाल पर्वत प्रयागराज में और न्यू बैरहना में एक-मकान और कुछ प्लॉट भी हैं। हलफनामा में उसकी कीमत उन्होंने 1.10 करोड़ रुपये दर्शाई है, जबकि पत्नी डॉ. नीता के नाम दिल्ली में तीन फ्लैट, एक फ्लैट नोएडा में एवं क्लाइव रोड प्रयागराज में एक फ्लैट है।
विस्तार
कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह और उनकी पत्नी डॉ. नीता सिंह करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। बृहस्पतिवार को शहर पश्चिमी विधानसभा से हुए नामांकन के दौरान सिद्धार्थ नाथ द्वारा दिए गए हलफनामा में बताया गया है कि उनके पास 1.42 करोड़ रुपये और पत्नी के पास 2.80 करोड़ एवं बच्चों के 14.14 लाख रुपये की संपत्ति है।
खुद को क्लाइव रोड प्रयागराज का निवासी बताते हुए 58 वर्षीय सिद्धार्थ नाथ सिंह के सीतापुर जिले में कृषि भूमि, खुशहाल पर्वत प्रयागराज में और न्यू बैरहना में एक-मकान और कुछ प्लॉट भी हैं। हलफनामा में उसकी कीमत उन्होंने 1.10 करोड़ रुपये दर्शाई है, जबकि पत्नी डॉ. नीता के नाम दिल्ली में तीन फ्लैट, एक फ्लैट नोएडा में एवं क्लाइव रोड प्रयागराज में एक फ्लैट है।
इसके अलावा पत्नी के नाम कुछ प्लॉट भी हैं। इसकी कुल कीमत 26.90 करोड़ रुपये उन्होंने दिखाई है। सिद्धार्थ नाथ ने यह भी दर्शाया है कि उनके ऊपर किसी भी तरह की देनदारी नहीं है। अपने ऊपर एक भी मुकदमा दर्ज न होने की बात भी उन्होंने दर्शाई है। दिल्ली विश्वविद्यालय से 1984 में स्नातक सिद्धार्थ नाथ ने अपनी जीविका के बारे में खुद को विधानसभा सदस्य एवं पत्नी को डाक्टर बताया है।
सिद्धार्थ नाथ के पास खुद की स्कार्पियों और एक हुंडई अल्काचार कार है, जबकि पत्नी के नाम एक फोर्ड कार है। इसके अलावा सिद्धार्थ नाथ के पास एक डायमंड ब्रेसलेट, दो डायमंड अंगूठी है जबकि पत्नी के पास 41.18 लाख रुपये के गहने हैं।
फूलपुर सपा प्रत्याशी मुज्तबा सिद्दीकी का नामांकन आज
समाजवादी पार्टी के फूलपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी पूर्व विधायक मुज्तबा सिद्दीकी शुक्रवार को प्रयागराज कलेक्ट्रेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। यह जानकारी देते हुए अब्दुल्ला भाई ने बताया कि सुबह दस बजे सभी कार्यकर्ता व पदाधिकारी फूलपुर स्थित समाजवादी पार्टी के केन्द्रीय कार्यालय पहुंचेंगे। तत्पश्चात नामांकन के लिए रवाना होंगे।
करोड़पति हैं इंटर पास बसपा प्रत्याशी संजय गोस्वामी
बहुजन समाज पार्टी से शहर उत्तरी विधान सभा प्रत्याशी संजय गोस्वामी ने बृहस्पतिवार को नामांकन कर दिया। उनके साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष बाबूलाल भंवरा, मुख्य सेक्टर प्रभारी प्रयागराज मंडल अभिषेक गौतम समेत पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नामांकन में दिए हलफनामा के हिसाब से उन्होंने राजकीय इंटर कालेज से इंटर तक की पढ़ाई की है। पेशे से व्यवसायी संजय गोस्वामी लंबे समय से समाज सेवा से जुड़े रहे है।
कोई अपराधिक मुकदमा नहीं है। संपत्ति की बात करें तो संजय करोड़पति है। उनके पास 140 ग्राम सोना और उनकी पत्नी प्रीति गोस्वामी के पास 210 ग्राम सोना है। इसके अलावा उनके पास कुल 5 करोड़ की अचल संपत्ति है। पत्नी के पास सवा करोड़ की अचल संपत्ति है। इसके अलावा उनके पास एक टाटा एसीई कार है। उनके दो बेटे है। संजय के पास एक लाख रुपये नकद और उनकी पत्नी के पास 50 हजार रुपये नगद है।