UP Board Result : यूपीएससी टॉपर शक्ति दुबे ने यूपी बोर्ड टॉपर को दी बधाई तो चहक उठी महक
यूपीएससी में टॉप करने वाली शक्ति दुबे ने यूपी बोर्ड में इंटरमीडिएट टॉपर महक जासवाल को बधाई दी है। शक्ति दुबे ने सोशल मीडिया के माध्यम से बधाई देते हुए लिखा - इंटरमीडिएट में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर प्रयागराज का नाम रोशन करने वाली बिटिया Mahek Jaiswal जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं..!
विस्तार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की परीक्षा का परिणाम शुक्रवार को जारी कर दिया गया। यूपी बोर्ड मुख्यालय में सचिव ने परीक्षा परिणाम जारी किया। इसमें हाईस्कूल में जालौन के यश प्रताप सिंह ने बाजी मारी, जबकि प्रयागराज की महक जायसवाल ने इंटरमीडिएट की परीक्षा में प्रदेश में टॉप किया है। संघ लोक सेवा आयोग ( यूपीएससी) में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली शक्ति दुबे ने यूपी बोर्ड टॉपर महक जायसवाल को बधाई दी।
सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर शक्ति दुबे ने लिखा इंटरमीडिएट में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर प्रयागराज का नाम रोशन करने वाली बिटिया महक जायसवाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं..! इसका उत्तर देते हुए महक जायसवाल ने लिखा धन्यवाद मैडम जी...।
इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में प्रदेश में टॉप करने वाली महक जायसवाल को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, सांसद प्रवीण सिंह पटेल सहित तमाम नेताओं और अधिकारियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। एसपी इंटरमीडिएट कॉलेज भुलईकापुरा फूलपुर की छात्र महक जायसवाल के घर पर बधाई देने वालों की भीड़ लगी हुई है।
महक ने कहा- परिवार ने बढ़ाया हौसला
अपने फेसबुक अकाउंट पर महक जायसवाल ने पोस्ट किया है, जिसमें लिखा कि- सबसे पहले मेरे परिवार का वह अपार प्यार और समर्थन, जिसने हर कठिन पल में मेरा हौसला बढ़ाया, इस सफलता की नींव बना। माता-पिता का आशीर्वाद, भाई-बहनों का विश्वास और घर के हर सदस्य का प्रोत्साहन मुझे इस शिखर तक पहुंचाने में सहायक रहा..! इतना प्यार और आशीर्वाद देने के लिए आप सभी का बहुत बहुत धन्यवाद....!
बदला प्रोफाइल पिक्चर
यूपी बोर्ड इंटर मीडिएट परीक्षा में टॉप करने के बाद महक जायसवाल ने अपना प्रोपाइल पिक्चर बदल दिया है। बायो में लिखा टॉपर यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा। विक्ट्री शाइन करते हुए अपना फोटो अपडेट किया है। लिखा है कि राज्य के कोने-कोने से मुझे जो प्यार, स्नेह, आशीर्वाद मिल रहा है इसके लिए मैं सभी का बहुत बहुत धन्यवाद ज्ञापित करती हूं..! परीक्षा परिणाम आने के बाद महक दुबे ने लगातार कई पोस्ट किए।