यूपी बोर्ड पेपर लीक : इंस्टाग्राम पर लीक प्रश्नपत्र बेच रहे छात्र को पुलिस ने किया गिरफ्तार
दारागंज पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली कि बक्शीबांध मोहल्ले में रहने वाला एक छात्र अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए यूपी बोर्ड परीक्षा की इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र बेच रहा है। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि उसका नाम आशुतोष द्विवेदी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यूपी बोर्ड परीक्षा का प्रश्नपत्र इंस्टाग्राम पर बेचना प्रतियोगी छात्र को महंगा पड़ा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही उसे जेल भी भेज दिया। इस मुकदमे में उसके तीन साथी भी नामजद किए गए हैं, जिनको उसने प्रश्न पत्र की कॉपी व्हाट्सएप से भेजी थी। पुलिस का कहना है कि उनकी तलाश की जा रही है।
दारागंज पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली कि बक्शीबांध मोहल्ले में रहने वाला एक छात्र अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए यूपी बोर्ड परीक्षा की इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय का प्रश्न पत्र बेच रहा है। पुलिस ने छानबीन की तो पता चला कि उसका नाम आशुतोष द्विवेदी है। वह मूल रूप से गोंडा का रहने वाला है और दारागंज में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है।
छानबीन करती हुई पुलिस उसके पास पहुंची और मोबाइल देखा तो चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, छात्र के इंस्टाग्राम अकाउंट को खोलने पर पता चला कि उसने 29 मार्च को रात 8.35 पर एक मैसेज पोस्ट किया था। इसमें एक हस्तलिखित प्रश्नपत्र की फोटो पोस्ट की गई थी। साथ ही लिखा था कि यूपी बोर्ड की अंग्रेजी परीक्षा का प्रश्नपत्र जिसे भी चाहिए वह रुपए देकर ले सकता है।
29 मार्च को पहुंचा था आरोपी के पास
कड़ाई से पूछताछ की गई तो छात्र ने बताया कि उसे यह प्रश्नपत्र गोंडा के लक्ष्मीपुर मांझा निवासी मोहित मिश्रा ने 29 मार्च को रात 8.31 पर व्हाट्सएप से भेजा था। इसके बाद ही उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर यह पोस्ट किया था। उसने यह भी बताया कि इस प्रश्नपत्र को उसने गोंडा के ही रहने वाले अपने मित्र प्रशांत सिंह और प्रेम चक्रवर्ती को भी भेजा गया था।
मोबाइल की जांच में आरोपी के व्हाट्सएप अकाउंट से उसके दोनों दोस्तों को प्रश्नपत्र भेजने के रिकॉर्ड भी मिले। दारागंज इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार दुबे ने बताया कि यह कृत्य आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में अपराधिक कृत्य है। ऐसे में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया गया है। उसके दोस्तों की तलाश की जा रही है।
नकली था प्रश्नपत्र, रुपए ऐंठने के लिए खेल
दारागंज पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी छात्र की ओर से इंस्टाग्राम पर जिस प्रश्नपत्र की फोटो डाली गई थी, वह फर्जी था। इसका यूपी बोर्ड अंग्रेजी प्रश्न पत्र से मिलान किया गया तो यह बिल्कुल भिन्न पाया गया। इससे माना जा रहा है कि आरोपी और उसके साथी नकली प्रश्नपत्र बेचकर छात्रों से रुपए ऐंठना चाहते थे।