UP Board Help desk : पढ़ा हुआ भूल जाते हैं, परीक्षा में अच्छे अंक कैसे आएंगे
यूपी बोर्ड कार्यालय में शुरू हुई हेल्प डेस्क 12 मार्च को परीक्षा के आखिरी दिन तक सक्रिय रहेगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होंगी, ऐसे में परीक्षार्थियों के पास अपनी समस्याओं के समाधान के लिए डेढ़ माह का वक्त है।
विस्तार
जो भी पढ़ते हैं, भूल जाते हैं। परीक्षा में अच्छे अंक कैसे मिलेंगे? रसायन विज्ञान से डर लगता है, क्या करें? ऐसे ही कई सवालों और समस्याएं सोमवार से शुरू हुई यूपी बोर्ड की हेल्प डेस्क के सामने आईं। दिनभर टोल फ्री नंबर वाले फोन घनघनाते रहे। 37 परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों ने हेल्प डेस्क से संपर्क किया। फोन पर ही परीक्षार्थियों की समस्याओं का समाधान किया गया।
यूपी बोर्ड कार्यालय में शुरू हुई हेल्प डेस्क 12 मार्च को परीक्षा के आखिरी दिन तक सक्रिय रहेगी। हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होंगी, ऐसे में परीक्षार्थियों के पास अपनी समस्याओं के समाधान के लिए डेढ़ माह का वक्त है।
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के निर्देश पर हेल्प डेस्क का संचालन अभी से इसीलिए शुरू किया गया है, ताकि परीक्षार्थियों को तैयारी में आ रही समस्याओं के समाधान के लिए पर्याप्त समय मिल सके।
प्रयागराज के अतुल कुशवाहा ने बताया, जो पढ़ते हैं, वह भूल जाते हैं। काउंसलर ने उन्हें सलाह दी कि प्रश्न के उत्तर को बार-बार लिखकर याद करें। मैनपुरी की 12वीं की छात्रा दीक्षा ने कहा, ‘रसायन विज्ञान में बहुत डर लगता है, क्या करें?’।
जवाब मिला कि नर्वस न हों और अपने शिक्षक से मिलें। उन्हें अपनी समस्याएं बताएं, वह मदद करेंगे। दीक्षा ने काउंसर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपसे बात करके मन हल्का हो गया। अब लग रहा है कि तैयारी अच्छे से हो जाएगी।
औरैया से पीयूष ने पूछा कि परीक्षा में अच्छे अंक कैसे लाएं। जवाब मिला कि लिखकर याद करें और की-प्वाइंट जरूर बनाएं। मेरठ से जुनैद का सवाल था कि क्या इस बार प्रश्न सिलेबस के बाहर से पूछे जाएंगे। बताया गया कि ऐसा नहीं होगा, प्रश्न सिलेबस से ही आएंगे।
गोरखपुर से 12वीं के छात्र प्रवीण ने बताया, हाईस्कूल के सर्टिफिकेट में पिता का नाम गलत दर्ज हो गया है। उन्हें बताया गया कि क्षेत्रीय कार्यालय में संपर्क करें। ज्यादातर विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी विषय की तैयारी के संबंध में बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
प्रैक्टिकल के लिए पैसे मांगने की शिकायत
संभल निवासी 12वीं के छात्र ने बताया, स्कूल की ओर से प्रैक्टिकल के लिए प्रति विषय 500 रुपये मांगे जा रहे हैं। रुपये न देने पर नंबर काट लिए जाएंगे। जो छात्र रुपये देंगे, उन्हें पूरे नंबर दिए जाएंगे। उन्हें बताया गया कि उनकी शिकायत संबंधित अधिकारी को निस्तारण के लिए अग्रसारित कर दी गई है।
विज्ञान के विषयों से जुड़ी समस्याओं की अधिकता
ज्यादातर परीक्षार्थियों की समस्याएं विज्ञान के विषयों से जुड़ी थीं। खासतौर पर भौतिक व रसायन विज्ञान विषय की तैयारी को लेकर चिंता अधिक दिखी। किसी को रसायन के सूत्र याद करने में दिक्कत थी, किसी को समस्या थी कि जो भी पढ़ते हैं, वह भूल जाते हैं। काउंसलर से उनकी समस्याओं का समाधान किया।
इन नंबरों पर करें संपर्क
परीक्षार्थियाें को अपने विषय में कोई दिक्कत है या मनोवैज्ञानिक समस्या है तो वे बोर्ड के टोल फ्री नंबर 18001805310 और 18001805312 पर सुबह 11 से शाम चार बजे संपर्क कर सकते हैं।
ईमेल और सोशल मीडिया पर भी समाधान उपलब्ध
ई-मेल आईडी upmspprayagrajgmail.com, एक्स हैंडल upboardpry, फेसबुक पेज Madhyamik Shiksha Parishad Uttar Pradesh के माध्यम से समस्या का निराकरण होगा। वहीं, यूट्यूब चैनल Madhyamik Shiksha Parishad, UP, Prayagraj (www.youtube.com/upboardpryj) व इंस्टाग्राम आईडी upboardpryj से भी समस्याओं का समाधान होगा।