प्रयागराज : इलाहाबाद विवि बीए के छात्र को पुलिस चौकी में ले जाकर पीटा, दो दरोगा सस्पेंड
सर्वेश मूल रूप से प्रतापगढ़ का रहने वाला है और इविवि से बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। उसने बताया कि शनिवार को 3.30 बजे के करीब लाइब्रेरी से निकलते वक्त विवि चौकी प्रभारी हर्षवीर सिंह, नाका चौकी प्रभारी सोहराब अहमद और एक अज्ञात सिपाही कॉलर पकड़कर उसे विवि चौकी में घसीट ले गए।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में बीए के छात्र सर्वेश यादव (19) को पुलिस चौकी में बंद कर पीटा गया। कर्नलगंज थाने के दो दरोगा उसे विवि परिसर से चौकी में घसीट ले गए और बेरहमी से पीटा। जानकारी पर अन्य छात्र भड़क उठे और उन्होंने पहले कर्नलगंज थाना और फिर एसएसपी आवास का घेराव कर दिया। कुछ घंटों बाद प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दोनों आरोपी दरोगाओं को सस्पेंड कर दिया गया।
सर्वेश मूल रूप से प्रतापगढ़ का रहने वाला है और इविवि से बीए तृतीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। उसने बताया कि शनिवार को 3.30 बजे के करीब लाइब्रेरी से निकलते वक्त विवि चौकी प्रभारी हर्षवीर सिंह, नाका चौकी प्रभारी सोहराब अहमद और एक अज्ञात सिपाही कॉलर पकड़कर उसे विवि चौकी में घसीट ले गए। इसके बाद बेरहमी से पीटा। फिर गालियां देते हुए भगा दिया।
पिटाई के विरोध में छात्रों ने किया था घेराव
मामले की जानकारी पर साथी छात्रों ने पहले कर्नलगंज और फिर एसएसपी आवास का घेराव कर दिया। अफसरों ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया तब जाकर करीब दो घंटे बाद छात्र शांत हुए। उधर कुछ घंटों बाद दोनों दरोगाओं पर कार्रवाई कर दी गई।
प्रकरण के संबंध में एसपी सिटी से रिपोर्ट मांगी गई। प्रथमदृष्टया आरोप सही पाए जाने पर दोनों चौकी प्रभारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं। मैंने खुद भी पीड़ित छात्र से बात की है और भरोसा दिलाया है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। - अजय कुमार, एसएसपी