एसटीएफ ने विधायक राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल की हत्या में नामजद शूटरों को पकड़ने के लिए तीन राज्यों में ताबड़तोड़ दबिश दीं। कुल 14 स्थानों से 40 से अधिक संदिग्ध उठाए गए हैं। इनमें अधिकांश अतीक गिरोह से जुड़े हैं। एसटीएफ को पता चला था कि अतीक के कुछ गुर्गे नेपाल भागने की फिराक में हैं। गोरखपुर और बस्ती से पांच लोगों को पकड़ा गया। इसके अलावा लखनऊ, बरेली, जौनपुर, प्रतापगढ़ कौशांबी, रीवा, और पटना में दबिश देकर संदिग्धों को उठाया गया है।
अतीक के तीसरे बेटे असद, गुर्गे गुड्डू मुस्लिम, गुलाम और अरमान की सीसीटीवी फुटेज में पुष्टि होने के बाद उनकी तलाश की जा रही है। चारों के मोबाइल घटना के तुरंत बाद से बंद हैं। एसटीएफ की प्रयागराज यूनिट के साथ लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर की टीमों ने रविवार को तीन राज्यों में करीब 14 स्थानों पर दबिश देकर 40 संदिग्धों को उठाया है। सुबह ही पता चला था कि अतीक के कुछ गुर्गे नेपाल भागने की फिराक में हैं। बस्ती और गोरखपुर से चार लोगों को उठाया गया है।
2 of 5
Prayagraj News : अतीक अहमद के घर के पास तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
रीवा के एक लॉज में छापेमारी कर पांच लोगों को हिरासत में लिया गया। इसी तरह पटना, लखनऊ, बरेली और कौशांबी से भी अतीक के गुर्गों को उठाया गया है। एसटीएफ के सूत्रों ने बताया कि शक के घेरे में आए सभी करीबियों को पकड़ा जा रहा है। उनके मोबाइल कॉल डीटेल्स और सोशल मीडिया प्लेटफार्म्स को भी खंगाला गया है। अतीक गिरोह के अधिकांश गुर्गे इस समय भूमिगत हो गए हैं। उनके मोबाइल भी बंद हैं। जितने लोग पकड़े गए हैं, उनसे पूछताछ कर शूटरों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
3 of 5
Prayagraj News : उमेश पाल के घर के बाहर तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
एसटीएफ के अलावा प्रयागराज पुलिस की टीमें भी अलग से छापेमारी कर रही हैं। कुछ जगहों पर दबिश की कमान एडीजी एसटीएफ अमिताभ यश ने खुद संभाल रखी थी। एसटीएफ की सारी यूनिटों के ऐसे अफसरों को दबिश में लगाया गया है, जो कभी न कभी अतीक गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में शामिल रहे। गुड्डू मुस्लिम, गुलाम और अरमान के कई रिश्तेदारों को भी पुलिस पकड़ा है। संभावित ठिकानों के बारे में उनसे पूछताछ की जा रही है।
4 of 5
Prayagraj News : उमेश पाल के घर के बाहर तैनात पुलिस फोर्स।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज के 20 से अधिक स्थानों पर दबिश
एसटीएफ, एसओजी और जिला पुलिस की 15 टीमों ने रविवार को जिले के करीब 20 से अधिक स्थानों पर दबिश दी। चकिया, राजरूपपुर, पूरामुफ्ती, हटवा, असरौली, करेली, नवाबगंज, मऊआइमा, फूलपुर, नैनी और झूंसी समेत 20 स्थानों पर दबिश दी। उमेश हत्याकांड में शूटरों की तलाश में कई करीबियों, रिश्तेदारों और दोस्तों को भी पकड़ा गया है।
- उमेश हत्याकांड में पुलिस शूटरों को पकड़ने का पूरा प्रयास कर रही है। एसटीएफ की टीमें भी लगी हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। - रमित शर्मा, पुलिस कमिश्नर प्रयागराज।
5 of 5
Prayagraj News : शूटर की वायरल सीसीटीवी फुटेज, जिसे अतीक का पुत्र बताया जाता रहा है।
- फोटो : अमर उजाला।
शूटरों के नेपाल भागने की आशंका पर जांच शुरू
प्रयागराज में उमेश पाल के शूटरों के नेपाल भागने की सूचना पर एडीजी अखिल कुमार ने अलर्ट जारी किया है। गोरखपुर सहित नेपाल सीमा से जुड़े सभी एसपी को पत्र जारी कर बॉर्डर पर चेकिंग बढ़ाने को कहा गया। एडीजी ने वायरल वीडियो को भी पुलिस ग्रुप में भेजा है, ताकि शूटरों को चेकिंग करने वाले पहचान लें।
एडीजी अखिल कुमार के मुताबिक, प्रयागराज में हुए हत्याकांड मामले शूटरों की नेपाल भागे जाने की सूचना मिली है। अब तक शूटर्स की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसे लेकर भारत-नेपाल सीमा के सभी जिलों, खासकर महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और बहराइच समेत दूसरे जिलों के पुलिस अधिकारियों को यह निर्देश दिया गया है। शूटरों की गिरफ्तारी के लिए जोन भर में सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। ताकि, वह किसी भी कीमत पर पुलिस को चकमा देकर नेपाल न पहुंचने पाएं। इसे देखते हुए सीमावर्ती जिलों में तलाशी अभियान और जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।