उमेश पाल हत्याकांड : साबिर मिला न रायफल, उमेश और दोनों सिपाहियों पर बरसाईं थीं गोलियां
Umesh Pal Murder Case : अतीक के बेटे असद, गुलाम, अरमान, गुड्डू मुस्लिम,उस्मान और साबिर समेत सारे शूटर सीसीटीवी में कैद हुए थे। पुलिस ने असद, गुलाम, और उस्मान चौधरी को एनकाउंटर में मार गिराया था। अरमान के बारे में कहा जाता है कि वह बिहार में सरेंडर कर जेल में बंद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस न तो पांच लाख के इनामी साबिर को पकड़ पाई, न ही हत्या में प्रयुक्त रायफल को बरामद कर पाई। साबिर ने रायफल से उमेश और दोनों सिपाहियों पर गोलियां चलाईं थीं। विधि विज्ञान प्रयोगशाला की बैलेस्टिक रिपोर्ट से खुलासा हुआ है कि उमेश और दोनों सिपाहियों की हत्या में विदेशी कोल्ट पिस्टल के साथ ही .32 पिस्टल और रायफल का प्रयोग किया गया था।
पुलिस को आशंका है कि साबिर, शाइस्ता के साथ ही है। उमेश पाल हत्याकांड से पहले साबिर लंबे समय शाइस्ता के ड्राइवर और बाॅडीगार्ड की भूमिका में था।उमेश पाल की हत्या हुए पांच महीने से ज्यादा समय बीत चुका है। गुड्डू मुस्लिम और साबिर का अब तक पता नहीं चला है। गुड्डू ने बम से हमला किया था तो तो साबिर ने रायफल से गोलियां चलाईं थीं।
अतीक के बेटे असद, गुलाम, अरमान, गुड्डू मुस्लिम,उस्मान और साबिर समेत सारे शूटर सीसीटीवी में कैद हुए थे। पुलिस ने असद, गुलाम, और उस्मान चौधरी को एनकाउंटर में मार गिराया था। अरमान के बारे में कहा जाता है कि वह बिहार में सरेंडर कर जेल में बंद है। हालांकि, इस बात की कहीं से पुष्टि नहीं है।
पांच लाख के इनामियों में गुड्डू मुस्लिम और साबिर ही बचे हैं। पांच महीने बीत गए लेकिन दोनों का कुछ पता नहीं है। हत्याकांड के बाद पुलिस ने मौके से मिले खोखे और कारतूस को विधि विज्ञान प्रयोगशाला लखनऊ जांच के लिए भेजा था। बाद में अतीक के कर्बला स्थित दफ्तर से विदेशी कोल्ट पिस्टल समेत कई अन्य पिस्टल और कारतूस बरामद हुए थे।
इन सबको भी प्रयोगशाला भेजा गया। पता चला कि विदेशी कोल्ट पिस्टल से ही उमेश को मारा गया था। अतीक के बेटे असद ने इसी पिस्टल से उमेश को गोलियों से छलनी कर दिया था। अब पुलिस की सबसे बड़ी चुनौती साबिर की रायफल की बरामदगी है। बैलेस्टिक रिपोर्ट में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि उमेश और दोनों सिपाहियों को रायफल से भी गोली लगी थी।
पुलिस पांच महीने बीतने के बाद भी न तो साबिर को पकड़ पाई न ही रायफल बरामद कर पाई। शाइस्ता के चुनाव प्रचार के समय साबिर के साथ कई वीडियो भी वायरल हुए थे। वह शाइस्ता का ड्राइवर होने के साथ साथ बाडीगार्ड भी था। पुलिस को शक है कि वह शाइस्ता के साथ हो सकता है।
मराठी युवती से की थी शादी
प्रयागराज। साबिर ने मुंबई में एक मराठी युवती से शादी की थी। वह धारावी में रहता था। वह एक जमीन के विवाद के सिलसिले में अतीक से मिला तो यहीं का होकर रह गया। बाद में वह शाइस्ता की गाड़ी चलाने लगा। शाइस्ता की सुरक्षा में वह साये की तरह रहता था।