Umesh Pal Hatyakand : शूटर को मिठाई खिलाते नीलम करवरिया की फोटो वायरल,उदयभान संग सदाकत की तस्वीर भी वायरल
देश भर में सुर्खियों में बने उमेश पाल हत्याकांड में शामिल बदमाशों की तस्वीरें भाजपा के कद्दावर नेता उदयभान करवरिया और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम करविया के साथ वायरल हो गईं।
विस्तार
देश भर में सुर्खियों में बने उमेश पाल हत्याकांड में शामिल बदमाशों की तस्वीरें भाजपा के कद्दावर नेता उदयभान करवरिया और उनकी पत्नी पूर्व विधायक नीलम करविया के साथ वायरल हो गईं। भाजपा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया एक तस्वीर में उमेश पर गोलियां बरसाने वाले शूटर गुलाम को मिठाई खिलाते नजर आ रही हैं। हालांकि देर शाम नीलम ने इस पर अपनी सफाई दी।
उनका कहना है कि राजनीतिक जीवन में तस्वीरें किसी के भी साथ हो सकती हैं। रही बात अपराधियों की तो उनके खिलाफ मेरी सरकार सख्त है। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मुस्लिम बोर्डिंग हॉस्टल में रहकर उमेश की हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य किरदार सदाकत अली की तस्वीर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ वायरल हुई थी। मंगलवार को वायरल हुई कुछ तस्वीरों में उमेश हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता सदाकत और शूटर गुलाम की भाजपा नेताओं से भी नजदीकियां सामने आने लगीं।
सदाकत की तस्वीर पूर्व विधायक उदयभान करवरिया के साथ वायरल हुई तो शूटर गुलाम की तस्वीरें और भी चौंकाने वाली सामने आईं। एक तस्वीर में तो उमेश पाल के शूटर के तौर पर नामजद गुलाम को भाजपा की पूर्व विधायक नीलम करवरिया मिठाई खिलाते नजर आ रही हैं। एक तस्वीर में गुलाम उदयभान और नीलम के साथ सोफे पर बैठा नजर आ रहा है तो सदाकत उदयभान के साथ कहीं खड़े तो कहीं बैठे हुए दिख रहा है।
इन तस्वीरों ने सियासी गलियारों में हलचल पैदा कर दी है। नीलम करवरिया से जब इन तस्वीरों के बारे में पूछा गया तब उनका कहना था कि अभी उन्होंने ऐसी किसी तस्वीर को देखा नहीं है। लेकिन, सुना जरूर है। पूर्व विधायक नीलम ने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सख्त सरकार है। इस सरकार में अपराधियों की नहीं चलने पाएगी। उमेश पाल के हत्यारे को कड़ी सजा मिलेगी।