उमेश पाल हत्याकांड : माफिया अतीक की पत्नी शाइस्ता पर 25 हजार का इनाम घोषित, हत्या के बाद से ही चल रही है फरार
उमेश पाल हत्याकांड में नामजद होने के बाद फरार अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर पुलिस ने 25000 का इनाम घोषित किया है। फिलहाल कई ठिकानों पर दबिश डालने और सुराग लगाने के बाद भी वह हत्थे नहीं चढ़ सकी है।
विस्तार
उमेश पाल हत्याकांड में नामजद होने के बाद फरार अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर पुलिस ने 25000 का इनाम घोषित किया है। फिलहाल कई ठिकानों पर दबिश डालने और सुराग लगाने के बाद भी वह हत्थे नहीं चढ़ सकी है। उमेश पाल की हत्या के बाद उनकी पत्नी जया पाल ने अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ और शाइस्ता परवीन को नामजद किया था। इसके अलावा गुड्डू मुस्लिम और गुलाम को भी नामजद किया गया है।
इस मुकदमे में बाद में अतीक के बेटे असद को भी पुलिस ने नामजद किया गया था। कुछ और के नाम भी सामने आए थे। पुलिस इस मामले में असद, गुड्डू मुस्लिम, अरमान, साबिर और गुलाम पर पहले ही ढाई लाख का इनाम घोषित कर चुकी है। शनिवार को पुलिस ने अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन पर भी 25000 के इनाम की घोषणा कर दी। उमेश पाल हत्याकांड में नामजद होने के बाद शाइस्ता परवीन फरार हो गई थी।
उसने अपने वकीलों के माध्यम से ही अपने नाबालिग बेटों समेत परिवार के अन्य सदस्यों के लिए हाईकोर्ट में हैबियस कार्पस दाखिल किया था। जिसके बाद पुलिस ने अशरफ की पत्नी और अतीक की बहन को निरोधात्मक कार्रवाई के बाद रिहा कर दिया था। दोनों नाबालिग बेटों को भी बाल संरक्षण गृह पहुंचाया गया। शनिवार को पुलिस ने शाइस्ता परवीन पर भी इनाम की घोषणा की। शाइस्ता परवीन पर 25000 का इनाम घोषित किया गया है। इससे पहले फरारी के दौरान अतीक, अशरफ, उमर और अली पर भी इनाम घोषित किया गया था। अतीक अहमद का परिवार प्रदेश में पहला परिवार है, जिसके अधिकांश लोगों पर इनाम घोषित हुआ था।