शराब से मौतों का मामला दो और की हालत हुई गंभीर, अस्पताल में भर्ती कराए गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हंडिया के सैदाबाद इलाके में शराब पीकर बीमार पड़े एक महिला और एक पुरुष की हालत शनिवार को बिगड़ गई। दोनों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आज पुलिस ने गांवों में घूम घूमकर लाउडस्पीकर से मुनादी कराई कि जहरीली शराब न पिएं। पुलिस ने कई गांवों में दबिश दी और शराब के अवैध अड्डों पर छापा मारा। उधर, गांवों में सन्नाटा छाया था। शराब पीकर बीमार पड़े कई लोग डर के कारण सामने नहीं आ रहे हैं। उनके घरों में ताला लगा हुआ है। एसपी गंगापार समेत कई अफसर इलाके में पहुंचे और लोगों से मुलाकात की। पुलिस ने आज उस शख्स को गिरफ्तार कर लिया, जिसने बृहस्पतिवार को बुजुर्ग को शराब बेची थी।
सैदाबाद में जहरीली शराब का कहर जारी है। शनिवार को अमौरा गांव के लाल बाबू और रंगीला की हालत बेहद गंभीर हो गई। दोनों ने कुछ दिन पहले शराब पी थी। इसके बाद से ही उनकी तबियत खराब चल रही थी। डर के मारे उन्होंने किसी से कुछ बताया नहीं था। तबियत खराब हुई तो दोनों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। इसके बाद पुलिस की गाड़ियों में लाउडस्पीकर से प्रभावित गांवों में मुनादी शुरू करा दी गई। पुलिस वालों ने ग्रामीणों से कहा कि वे जहरीली शराब न पिएं।
गांवों में जहरीली शराब से कई मौतें हो गईं हैं। जो शराब पीकर बीमार हैं, वे तुरंत अस्पताल जाएं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। पुलिस की गाड़ियां कई घंटे तक गांवों में घूमी। एसपी गंगापार धवल जायसवाल समेत कई अफसर सैदाबाद इलाके के कई प्रभावित गांवों में गए और अवैध शराब का धंधा करने वालों की खोजबीन की। इंस्पेक्टर हंडिया बृजेश सिंह ने बताया कि गांव-गांव में घूम घूमकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। गांव के मानिंद लोगों के साथ ही बड़े बुजुर्गों की भी मदद ली जा रही है। अमौरा गांव में इंद्रपाल नाम के शख्स ने बुजुर्ग को शराब बेची थी। उसी के बाद उनकी तबियत खराब हुई और मौत हो गई। इंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से 62 शीशी शराब और दो किलो यूरिया और नौसादर बरामद हुआ है।
अमौरा गांव के रहने वाले बुजुर्ग रामानंद भारतीय का शनिवार को सिरसा घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। रामानंद भारतीय ने बृहस्पतिवार को गांव के ही इंद्रपाल के अवैध ठेके से शराब लेकर पी थी। रात में ही उन्हें दिखना बंद हो गया था। सुबह उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी मौत हो गई। सिरसा घाट पर आज अंतिम संस्कार के समय पुलिस मौजूद रही।
ढोकरी गांव में बोरी में फेंक दी शराब, पुलिस ने किया बरामद
ढोकरी गांव में शनिवार को एक बाग में एक बोरे में शराब की शीशियां मिली तो हड़कंप मच गया। मजदूरों ने ठेकेदार को बताया। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां 79 शीशी शराब बरामद हुई।