प्रयागराज : मेहंदी के दो जुलूस आमने सामने आने के मामले में कांग्रेस नेता पर दो एफआईआर
27 जुलाई को रोशनबाग से अटाला मोहर्रम कमेटी का मेंहदी का जुलूस अटाला की ओर जा रहा था। उसी समय रानीमंडी से दूसरा जुलूस पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए अटाला जुलूस के सामने आ गया। इससे दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई।
विस्तार
शाहगंज में 27 जुलाई की रात मेंहदी के दो जुलूस आमने सामने आ जाने के कारण मची अफरातफरी के मामले में कांग्रेस नेता परवेज अख्तर अंसारी के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। पहली एफआईआर अटाला मुहर्रम कमेटी के अध्यक्ष ने तो दूसरी रानीमंडी के रहने वाले एक बुजुर्ग ने दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि परवेज ने दस्तावेजों में हेरफेर कर जुलूस के ताजियादारी से उनके बेटे का नाम हटवाकर दूसरे का नाम जुड़वा दिया। यही जुलूस शाहगंज में जाकर दूसरे जुलूस के सामने आ गया, जिससे 27 जुलाई की रात भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।
27 जुलाई को रोशनबाग से अटाला मोहर्रम कमेटी का मेंहदी का जुलूस अटाला की ओर जा रहा था। उसी समय रानीमंडी से दूसरा जुलूस पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ते हुए अटाला जुलूस के सामने आ गया। इससे दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। भगदड़ की स्थिति और तनाव के बीच पुलिस ने पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता परवेज अख्तर अंसारी को शाहगंज थाने में बैठा लिया। हालांकि, बाद में उन्हें छोड़ दिया गया था।
इसी मामले में तीन अगस्त को अटाला मोहर्रम कमेटी के अध्यक्ष सऊद अख्तर ने शाहगंज थाने में परवेज अख्तर अंसारी तथा अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। एफआईआर में उन्होंने लिखाया कि दो जुलूस आमने सामने आने से मौके पर एक ही समुदाय के दो पक्षों में भारी तनाव पैदा हो गया। इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं भी आहत हुईं।
वहीं, दूसरी एफआईआर अतरसुइया थाने में रानीमंडी के मो. असलम ने दर्ज कराई। एफआईआर के मुताबिक वह वर्ष 2008 से मुहर्रम की आठवीं मेंहदी के ताजियादार हैं। वर्ष 2013 में परवेज अख्तर अंसारी ने जुलूस के अभिलेखों में हेरफेर कर बेटे शबाब का नाम हटवाकर मुमताज हुसैन का नाम जुड़वा दिया।
27 जुलाई को मेंहदी के जुलूस को काफी देर से उठाया गया, जो रानीमंडी से सेवई मंडी होते हुए नखास कोहना पहुंची। यहां पर पहले से ही अटाला का जुलूस जा रहा था। दोनों जुलूस आमने सामने आने से विवाद हो गया और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। मो. असलम की तहरीर पर परवेज अख्तर अंसारी, एजाज हलवाई उर्फ एजाज नियाजी, मुमताज हुसैन और फैसल आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
अतीक के साथ परवेज की फोटो भी की वायरल, होगी जांच
परवेज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाले सऊद अख्तर और असलम ने परवेज और अतीक अहमद की साथ की एक फोटो भी वायरल की है। उनका आरोप है कि अतीक के परवेज से काफी अच्छे संबंध थे। इस मामले में डीसीपी शहर दीपक भूकर ने बताया कि परवेज के खिलाफ जो भी आरोप लगाए गए हैं, सबकी जांच की जा रही है। वायरल फोटो की भी जांच कराई जाएगी।
राजनीतिक शत्रुता के कारण दर्ज कराई गई रिपोर्ट : परवेज
कांग्रेस नेता परवेज अख्तर अंसारी ने कहा कि राजनीतिक शत्रुता के कारण रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। किसी कार्यक्रम में अतीक के साथ फोटो होने से कोई वह उनका करीबी नहीं हो जाता। घटना वाले दिन न तो उन्होंने जुलूस निकाला था और न ही अगुआई की थी। उनकी पत्नी पार्षद हैं, इस कारण वह उनके साथ चल रहे थे।
पत्नी है एआईसीसी मेंबर
परवेज अख्तर अंसारी की पत्नी मुमताज अंसारी तीन बार की पार्षद हैं। वह आल इंडिया कांग्रेस कमेटी की मेंबर भी हैं। परवेज ने बताया कि मिश्रित आबादी वाले इलाकों में त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए उन्हें इस साल प्रशस्ति पत्र भी मिला है।