मतगणना की तैयारी तेज : मेजा विधानसभा का सबसे पहले आ जाएगा रिजल्ट
हर विधानसभा की मतगणना 14-14 टेबल पर कराई जाएगी। चूंकि मेजा में कम बूथ हैं, इस लिहाज से सबसे कम 27 राउंड की मतगणना होगी। करछना में 28 चरण में मतगणना होगी। वहीं सबसे अधिक फूलपुर में 34 चरण में मतगणना करानी होगी।
विस्तार
मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारी तेज कर दी गई है। कोई बाधा नहीं आई तो सबसे पहले मेजा विधानसभा का परिणाम आने की उम्मीद है। वहीं फूलपुर, प्रतापपुर में एवं शहर पश्चिमी का रिजल्ट सबसे देर में आएगा।
हर विधानसभा की मतगणना 14-14 टेबल पर कराई जाएगी। चूंकि मेजा में कम बूथ हैं, इस लिहाज से सबसे कम 27 राउंड की मतगणना होगी। करछना में 28 चरण में मतगणना होगी। वहीं सबसे अधिक फूलपुर में 34 चरण में मतगणना करानी होगी।
पश्चिमी, प्रतापपुर एवं सोरांव में 33-33 चरण में मतगणना होगी। मतगणना को लेकर प्रशासन के साथ राजनीतिक दलों एवं प्रत्याशियों ने भी तैयारी शुरू कर दी है। प्रत्याशियों की ओर से मतगणना अभिकर्ताओं की टीम बनाई गई है। इन्हें प्रशिक्षण देने के लिए विशेषज्ञों की टीम बनाई गई है।
विधानसभा बूथों की संख्या मतगणना के चरण
फाफामऊ 410 30
सोरांव 451 33
फूलपुर 463 34
प्रतापपुर 459 33
हंडिया 438 32
मेजा 375 27
करछना 380 28
पश्चिमी 453 33
उत्तरी 443 32
दक्षिणी 404 29
बारा 401 29
कोरांव 403 29
ऋचा ने कहा - स्ट्रांग रूम की हो ब्राडकास्टिंग, लगे बड़ा स्क्रीन
शहर पश्चिमी की सपा उम्मीदवार ऋचा सिंह ने निर्वाचन आयोग के ऑब्जर्वर को पत्र लिखकर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। उन्होंने स्ट्रांग रूम के सभी गेट पर सीसीटीवी लगाने के साथ ब्रॉडकांस्टिंग कराने की भी मांग की। उन्हाेंने इसके प्रसारण के लिए बड़ा स्क्रीन लगाने की भी मांग की। ऋचा ने मंडी परिसर में वाहन प्रतिबंधित करने की मांग की।
स्ट्रांग रूप की निगरानी के लिए सपा की ओर से 20-20 कार्यकर्ताओं की टीम भी बनाई गई है, जो तीन शिफ्ट में काम कर रही है। प्रत्याशियों के अलावा जिलाध्यक्ष योगेश चंद्र यादव, महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन समेत अन्य नेताओं ने मुंडेरा परिसर का भ्रमण किया। साथ ही बैठकें कर जरूरी निर्देश दिए।