Prayagraj : दरोगा बनकर गैंग संग ऑटो चालक को अगवा करने वाला गिरफ्तार
मंगलवार को काजीपुर निवासी करम चंद्र पांडेय, नंदन तालाब मोहल्ला निवासी सुमित उर्फ अविनाश मिश्रा और ओम प्रकाश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह का कहना है कि ओपी मिश्रा खुद को दरोगा बताता था। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
विस्तार
मकान पर कब्जा करने के लिए ऑटो चालक को अगवा करने के मामले में मंगलवार को पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घटना 20 जुलाई को नैनी थाना क्षेत्र के लोकपुर मोहल्ले की है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों में से एक खुद को यूपी पुलिस का दरोगा बताता था। नैनी पुलिस के मुताबिक, लोकपुर मोहल्ला निवासी ऑटो चालक मुकुंदीलाल गौर को 20 जुलाई को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था। एक अपहरणकर्ता ने अपने को यूपी पुलिस का दरोगा बताया था।
बाद में उसके मकान का सामान बाहर निकालकर उस पर कब्जा भी कर लिया था। पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप पर इस मामले में अपहरण, जबरन कब्जा करने सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के दूसरे दिन अरविंद बिशेन नामक युवक को जेल भेजा गया था। जांच में अन्य तीन नाम सामने आए थे।
मंगलवार को काजीपुर निवासी करम चंद्र पांडेय, नंदन तालाब मोहल्ला निवासी सुमित उर्फ अविनाश मिश्रा और ओम प्रकाश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर यशपाल सिंह का कहना है कि ओपी मिश्रा खुद को दरोगा बताता था। तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
15 लाख हड़पे, रुपये वापस मांगने पर देता था धमकी
नैनी में जिस केसी पांडेय को मकान कब्जाने के लिए ऑटो चालक को अगवा कर पीटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, उस पर कई लोगों से जमीन के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। चित्रकूट निवासी शिक्षक अमित कुमार सिंह ने 7.80 लाख और झूंसी निवासी जयकला देवी ने उस पर सात लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए नैनी थाने में तहरीर दी है।
दोनों का आरोप है कि रुपये लेने के बाद भी बैनामा नहीं किया गया और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने व झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। बता दें कि केसी पांडेय के खिलाफ जमीन के नाम पर रुपये हड़पने, धमकी देने समेत अन्य आरोपों में पहले से केस दर्ज है।
जुलाई में नैनी थाने में रिटायर आबकारी दरोगा ने उस पर 17 लाख रुपये हड़पने व रुपये वापस मांगने पर मारपीट, गालीगलौज व एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा लिखाया है। इस मामले में भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। एसीपी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि इस मुकदमे में भी आरोपी का रिमांड बनवाया जाएगा। कई अन्य शिकायतें भी मिली हैं। जांच की जा रही है।