प्रेमी ने दो दोस्तों संग मिलकर की थी महिला की हत्या, इस वजह से दिया घटना को अंजाम
मूल रूप से प्रतापगढ़ के हथिगवां, बरना आमानी का पूरा गांव निवासी सीमा नवाबगंज के कस्बा लालगोपालगंज में बेटे के साथ रहती थी। 30 जनवरी की रात उसे अगवा कर लिया गया था। जिस पर भाई धर्मेंद्र ने नौ लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
विस्तार
नवाबगंज के चैनी का पूरा गांव से अगवा कर मारी गई सीमा देवी (38) की हत्या उसके ही प्रेमी ने अपने दो साथियों संग मिलकर की थी। बृहस्पतिवार को तीनों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया। अफसरों का दावा है कि मुख्य आरोपी ने पूछताछ में बताया है कि सीमा उसे व उसके साथियों को दुष्कर्म के केस में जेल भेजवाने की धमकी दे रही थी। जिससे तंग आकर ही उसने उसकी हत्या कर दी।
मूल रूप से प्रतापगढ़ के हथिगवां, बरना आमानी का पूरा गांव निवासी सीमा नवाबगंज के कस्बा लालगोपालगंज में बेटे के साथ रहती थी। 30 जनवरी की रात उसे अगवा कर लिया गया था। जिस पर भाई धर्मेंद्र ने नौ लोगों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
मंगलवार सुबह उसका शव कौशाम्बी के कोखराज में मिला था। पुलिस अफसरों ने बताया कि जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि नामजद आरोपियों में शामिल धीरज उर्फ राजा सरोज निवासी गलगली बाघराय से सीमा की बेहद करीबी थी।
उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई तो वह मामले से अनभिज्ञता जताता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ में सनसनीखेज खुलासा किया। बताया कि उसने ही अपने दो साथियों जग्गू उर्फ विजेंद्र सरोज और मदनलाल सरोज, दोनों निवासी बाघराय, के साथ मिलकर सीमा की हत्या की।
वहां दुकान बंद होने पर वह बहाने से उसे यह कहकर बाघराय के बिहार ले गया कि वहां उसके दोस्त जग्गू के रिश्तेदार की दुकान है। इसके बाद जग्गू को फोन कर बुला लिया और कार लेकर कुंडा की ओर चल दिया। सुनसान स्थान पर दुपट्टे से सीमा का गला कस दिया। इसके बाद कुंडा, मानिकपुर होते हुए सैनी पुल से कोखराज आए और फिर शव पुल से गंगा नदी में फेंककर भाग निकले।
अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार के साथ ही सीमा के घर की चाबी, चार मोबाइल फोन व नगदी बरामद की गई है। तीनों को जेल भेज दिया गया है। पांच नामजद आरोपियों की घटना में संलिप्तता नहीं पाई गई है, ऐसे में उनका नाम निकाल दिया गया है। - अजय कुमार, एसएसपी
कार में ही घोंट दिया था गला
पुलिस अफसरों के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि करीब एक महीने पहले धीरज ने सीमा को किसी अन्य व्यक्ति संग देख लिया था। जिसके बाद से उसने सीमा से बोलचाल बंद कर दी थी। इसके बाद से ही सीमा उसके व उसके दोनों साथियों के खिलाफ मुकदमा लिखाने के लिए दौड़भाग करने लगी थी।
पिछले एक हफ्ते से वह रुपये मांगने के साथ ही कोर्ट मैरिज का दबाव बना रही थी और फोन से गालीगलौज करने के साथ ही लगातार जेल भेजवाने की धमकी भी दे रही थी। यह बात धीरज ने अपने दोनों साथियों को बताई, जिसके बाद तीनों ने उसे रास्ते से हटाने की प्लानिंग कर ली।
मोबाइल दिलाने के बहाने कार में ले गया
पुलिस के मुताबिक, धीरज ने बताया कि 30 जनवरी की रात 9.30 बजे के करीब वह अपनी ऑल्टो कार से सीमा के घर पहुंचा जहां उसने फिर गालीगलौज शुरू कर दी। साथ ही विरोध पर अपने साथ ही उसका भी मोबाइल तोड़ दिया। काफी मान मनौव्वल करने के बाद वह शांत हुई, जिसके बाद वह उसे मोबाइल दिलाने के बहाने अपने साथ कार में लालगोपालगंज ले गया।