प्रयागराज के रास्ते लंदन के लिए फिर चलेगी बस, 70 दिन में पहुंचेंगे लंदन, किराया होगा प्रति यात्री 15 लाख रुपये
बस से लंदन तक का सफर एक बार फिर से शुरू होने जा रहा है। सुनकर आश्चर्य भले ही लगे, लेकिन अगले वर्ष मई माह से दिल्ली से लंदन के लिए सीधी बस शुरू करने की तैयारी है। यह बस 70 दिन में अपना सफर पूरा करेगी। खास बात यह कि लंबी दूरी की यह बस प्रयागराज के रास्ते संचालित होगी। एडवेंचर ओवरलैंड नाम की कंपनी ने इंस्टाग्राम पोस्ट के माध्यम से बस संचालन के बारे में जानकारी दी है।
लंदन तक बस का सीधा सफर प्रयागराज में रहने वाले लोग पहले भी देख चुके हैं। तब कोलकाता से लंदन के बीच सिडनी की एक कंपनी एल्बर्ट टूर एंड ट्रेवेल्स ने 1950 में सीधी बस सेवा की शुरुआत की थी। इसका सफर 1973 तक जारी रहा, यानी की 47 वर्ष पूर्व ही इस बस का संचालन बंद हुआ है। पिछले माह सोशल मीडिया में इस बस की फोटो और टिकट भी वायरल हुई।
हालांकि तब यह बस कोलकाता से वाराणसी, प्रयागराज, दिल्ली, अमृतसर, पाकिस्तान के रास्ते लंदन जाती थी। उस दौरान तब यह सफर 45 दिन में पूरा होता था। कोलकाता से लेकर लंदन के लिए इस बस किराया भी 145 पाउंड था। बस के किराये में नाश्ता, खाना, रास्ते के होटलों में रुकने आदि का खर्च भी शामिल था। टिकट में उसका रूट, ठहरने का स्थान समेत कई जानकारियां होती थीं।