Team India : सफेद जर्सी में पहली बार जलवा बिखेरेंगे यश दयाल, चयन होने पर जमकर आतिशबाजी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
संगमनगरी के लाल बाएं हाथ के मीडियम पेसर यश दयाल का चयन बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए हुआ है। बीसीसीआई ने 16 सदस्यीय टीम का एलान रविवार को किया। दिलीप ट्रॉफी में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले यश को टेस्ट टीम में जगह दी गई है। यश पहली बार सफेद जर्सी में अपनी गेंदबाजी का जलवा बिखेरने उतरेंगे। उनके चयन से परिजनों में खुशी की लहर है। समर्थकों ने घर पर जमकर आतिशबाजी की। दलीप ट्रॉफी में इंडिया टीम बी की ओर से खेलते हुए यश ने चार विकेट चटकाए थे और टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
चकिया स्थित करबला निवासी यश दयाल 19 सितंबर से शुरू होने वाली सीरीज में बांग्लादेश के खिलाफ भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। पहले टेस्ट के लिए उनका चयन किया गया है। टेस्ट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में खेलते हुए नजर आएंगे। यश के चयन की जानकारी माता-पिता को हुई तो वह भावुक हो गए। पिता के आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। घर के बाहर पटाखे फोड़े गए और मिठाइयां बांटीं गईं।
पिता चंद्रपाल यादव बेटे से फोन पर बात करते वक्त बेहद भावुक हो गए। मां राधा दयाल की भी आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि बेटे ने मेहनत के बल पर मुकाम हासिल किया है और जिले का नाम देश भर में रोशन किया है। पिता का कहना है कि उन्हें पूरी उम्मीद थी कि इस सीरीज के लिए उनके बेटे का चयन टीम इंडिया में जरूर होगा। उसने दिलीप ट्रॉफी में भी टीम को जीतने में अहम भूमिका निभाई थी।
दिलीप ट्रॉफी में बेहतरीन गेंदबाजी का मिला फायदा
यश को दिलीप ट्रॉफी में बेहतरीन गेंदबाजी का फायदा मिला है। इंडिया बी के लिए खेलते हुए पहली पारी में उन्होंने एक और दूसरी पारी में तीन विकेट लिए थे। उनकी गेंदबाजी की बदौलत ही इंडिया बी ने इंडिया ए को 76 रनों से हराया। मीडियम पेसर की स्विंग के आगे विरोधी पस्त हो गए।
जहीर खान ने विश्व कप के लिए अपनी टी-20 टीम में किया था शामिल
इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने टी-20 विश्व कप के लिए यश दयाल को अपनी टीम में चुनकर सभी को चौंका दिया था। उन्होंने इस युवा गेंदबाज की तारीफ भी की थी।
प्रथम श्रेणी में है 76 विकेट
यश दयाल ने प्रथम श्रेणी में 26 मैच खेले हैं। उन्होंने अब तक 76 विकेट चटकाए हैं। इसमें एक बार उन्होंने पांच विकेट और पांच बार चार विकेट लिए हैं। लिस्ट ए में उन्होंने कुल 20 मैचों में 32 विकेट लिए हैं। वहीं, 56 टी-20 (आईपीएल) मैच में उन्होंने 53 विकेट हासिल किए हैं। वर्तमान में वह रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू का हिस्सा हैं।
देश के लिए खेलने वाले चौथे खिलाड़ी
यश दयाल टीम इंडिया से खेलने वाले संगमनगरी के चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले टीम इंडिया के लिए मोहम्मद कैफ, ज्ञानेंद्र पांडेय और ज्योति यादव खेल चुके हैं।
पिछले साल नवंबर में हुआ चयन, चोट की वजह से नहीं हो पाए थे शामिल
यश दयाल का चयन टीम इंडिया में पिछले साल नवंबर में भी हुआ था। तब उनका चयन बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए हुआ था। लेकिन चोटिल होने की वजह से अंतिम समय में उन्हें बाहर कर दिया गया।
रिंकू सिंह ने लगाए थे पांच छक्के, चले गए थे डिप्रेशन में
आईपीएल के 16वें सीजन में गुजरात टाइटंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच हुए मुकाबले में रिंकू सिंह ने यश दयाल के एक ओवर में पांच छक्के जड़े थे। जिसके बाद उनके कॅरिअर पर आलोचकों ने सवाल उठाए थे। वह कुछ दिनों तक डिप्रेशन में चले गए थे। उसके बाद वापसी करते हुए यश ने आईपीएल के 17वें सीजन में आरसीबी की ओर से खेलते हुए 14 मैचों में 15 विकेट लिए थे और टीम को प्लेऑफ में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई थी।
एक पिता के लिए इससे बेहतर दिन नहीं हो सकता है। मैं अपनी खुशी व्यक्त नहीं कर सकता। यह सपना उस दिन का है जब मेरे बच्चे ने पहली बार हाथ में बल्ला थामा था। मेरे पास इतने फोन आ रहे हैं कि मैं सभी की बधाई स्वीकार नहीं कर पा रहा हूं। - चंद्रपाल दयाल, यश के पिता
मैं कई वर्षों से प्रार्थना कर रही थी कि मेरा बेटा टीम इंडिया के लिए मैच खेले। भगवान ने मेरी सुन ली। मैं आज कितनी खुश हूं भी नहीं सकती हूं। - राधा दयाल, मां
मेरे भाई ने कहा था जल्द अच्छी खबर दूंगा। इससे अच्छी खबर कुछ भी नहीं हो सकती है। मेरा पूरा परिवार बेहद प्रसन्न है। हम सब मैच देखने जाएंगे। - सूची दयाल, बहन