Prayagraj : लापरवाही में एसआरएन के उप अधीक्षक, स्टाफ नर्स व सेनेटरी इंस्पेक्टर निलंबित
हाईकोर्ट की फटकार के बाद शासन ने एसआरएन अस्पताल के कार्यवाहक उप अधीक्षक गौतम त्रिपाठी, स्टाफ नर्स रंजना और सेनेटरी इंस्पेक्टर अमरनाथ यादव को निलंबित कर दिया है।
विस्तार
हाईकोर्ट की फटकार के बाद शासन ने एसआरएन अस्पताल के कार्यवाहक उप अधीक्षक गौतम त्रिपाठी, स्टाफ नर्स रंजना और सेनेटरी इंस्पेक्टर अमरनाथ यादव को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मी मनोज कुमार यादव की संविदा समाप्त करने का निर्देश दिया है।
देर शाम डायरेक्टर जनरल की तरफ से मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वत्सला मिश्रा को उक्त कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। हाईकोर्ट की तरफ से एसआरएन अस्पताल की बदहाली पर सरकार से जवाब तलब करने के बाद शनिवार को अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. नीलम सिंह को निरीक्षण के लिए भेजा गया था।
उन्होंने करीब तीन दिनों तक अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा। अस्पताल के कर्मचारियों और अधिकारियों के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने शनिवार की देर शाम और फिर सोमवार सुबह निरीक्षण किया और कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की।
उनकी ओर से शासन को भेजी गई रिपोर्ट के बाद उप अधीक्षक गौतम त्रिपाठी समेत अन्य को कार्यों में लापरवाही का दोषी पाया गया। शासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर उप अधीक्षक गौतम त्रिपाठी, स्टाफ नर्स रंजना, सेनेटरी इंस्पेक्टर अमरनाथ यादव को सस्पेंड करने का निर्देश जारी किया। इसके अलावा स्वास्थ्यकर्मी मनोज कुमार यादव की संविदा समाप्त करने को कहा। शासन के निर्देश को प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरबी कमल की तरफ से इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
नियम विरुद्ध पदोन्नति करने के मामले में चल रही जांच
कार्यवाहक उप अधीक्षक गौतम त्रिपाठी के खिलाफ नियम विरुद्ध पदोन्नति करने के मामले में प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा के निर्देश पर पहले से जांच चल रही है। तीन सदस्यीय कमेटी मामले की जांच कर रही है। टीम का अध्यक्ष चिकित्सा शिक्षा के विशेष सचिव देवेंद्र कुमार सिंह कुशवाहा को बनाया गया है। इसके अलावा अन्य दो सदस्यों में चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण की अपर निदेशक नीलम व महानिदेशालय चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के वित्त नियंत्रक शैलेश गिरि को शामिल किया गया है।
शासन से प्राप्त निर्देश के बाद उप अधीक्षक समेत अन्य को निलंबित किया गया है। इन सभी पर कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है। - डॉ. वत्सला मिश्रा, प्राचार्य, एमएलएन मेडिकल कॉलेज