Spy Camera : गर्ल्स हॉस्टल मालिक के बेटे को पुलिस ने लिया रिमांड पर
कचहरी रोड स्थित एक डाक्टर के बेटे आशीष खरे को एक हफ्ते पहले गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में कैमरा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि उसे उसी दिन जमानत मिल गई थी। हालांकि तीन दिन बाद एक लड़की की शिकायत पर दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
विस्तार
अपने घर स्थित गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में कैमरा लगाने वाले आशीष खरे को बृहस्पतिवार को कस्टडी रिमांड पर लिया गया। पुलिस उसे लेकर उसके घर स्थित कंप्यूटर लैब गई। वहां पर हार्ड डिस्क समेत तमाम चीजें खोजी गईं। उससे तमाम सवाल पूछे गए लेकिन वह कैमरा लगाने के अलावा अन्य आरोपों से साफ इनकार करता रहा।
कचहरी रोड स्थित एक डाक्टर के बेटे आशीष खरे को एक हफ्ते पहले गर्ल्स हास्टल के बाथरूम में कैमरा लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि उसे उसी दिन जमानत मिल गई थी। हालांकि तीन दिन बाद एक लड़की की शिकायत पर दोबारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस कस्टडी रिमांड की मांग की थी। अदालत के आदेश पर बृहस्पतिवार को आशीष को दो दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया गया। पुलिस उसे लेकर सीधा उसके घर स्थित कंप्यूटर लैब गई। वहां पुलिस ने हार्ड डिस्क ढूंढा लेकिन कुछ भी नहीं मिला।
बाथरूम में कैमरा लगाने के बारे में दागे गए कई सवाल
आशीष का कहना था कि पुलिस पहले ही दिन हार्ड डिस्क समेत लैब का सारा सामान लेकर चली गई है। पुलिस ने उसे कमरे में भी खोजबीन की। पुलिस उसे लेकर गर्ल्स हास्टल भी गई। उससे पूछा गया कि कैसे उसने बाथरूम के शावर तक वायरिंग कराई? वायरिंग करने और कैमरा लगाने वाले फैय्याज के बारे में भी उससे सवाल किए गए। आशीष और फय्याज का एक कथित ऑडियो भी वायरल हुआ है।
उसके बारे में आशीष से पूछताछ की गई। आशीष ने हर सवाल के जवाब में कहा कि उसने जो कुछ किया था, वह बता चुका है। उसने वीडियो न तो किसी ग्रुप में वायरल किया न ही किसी को दिया। इंस्पेक्टर कर्नलगंज फिरोज ने बताया कि उससे वायरिंग समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की गई। इस बात की भी संभावना है कि उसके पास और भी हार्ड डिस्क हों और पुलिस छापे से पहले ही उसने उन्हें हटा दिया हो। इस कारण उससे पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को भी आशीष से पूछताछ की जाएगी।
चैटिंग, एसएमएस आदि के बारे में पूछताछ
पुलिस ने आशीष की गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल की जांच की थी। उसके तमाम चैटिंग और एसएमएस के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने चैटिंग के बारे में आशीष से पूछताछ की। पुलिस जानना चाहती है कि उसने जो वीडियो बनाया था, कहीं किसी को भेजा तो नहीं।