UP: दोस्त को छोड़कर घर लौट रहे सेना के जवान की रॉड से वार कर हत्या, यूपी पुलिस के SI ने दोस्तों संग किया कत्ल
Prayagraj Crime News : करछना थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में सेना के जवान की हत्या कर दी गई। शनिवार की देर रात वाहन ओवरटेक को लेकर स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने हमला कर उन्हें अधमरा कर दिया था। आर्मी अस्पताल में रविवार की देर रात उनकी मौत हो गई। वह दिल्ली में तैनात थे। चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। हत्या के आरोप में यूपी पुलिस के दरोगा समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है।
विस्तार
करछना थाना क्षेत्र के धरवारा गांव में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की पिटाई से घायल फौजी की दूसरे दिन अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। वह चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर घर आए थे। शनिवार की देर रात गांव के पास स्कॉर्पियो सवार लोगों से उनका विवाद हो गया। इस दौरान उनकी बेरहमी से पिटाई कर बदमाश भाग निकले। उनको मिलिट्री हॉस्पिटल लखनऊ में भर्ती कराया गया था जहां रविवार की रात उनकी मौत हो गई। इस मामले में यूपी पुलिस के दरोगा समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
धरवारा गांव निवासी विवेक सिंह (28) पुत्र उमाकांत सिंह आर्मी के इंटेलिजेंस विभाग में तैनात थे। इस समय उनकी ड्यूटी दिल्ली में थी। 29 नवंबर की रात कोहड़ार से लौटते समय धरवारा मोड़ के पास स्कॉर्पियो सवार कुछ लोगों से विवाद हो गया। बदमाशों ने विवेक को बुरी तरह मारपीट कर अधमरा कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग निकले। घायल अवस्था में विवेक को लखनऊ के एक अस्पताल में ले गए। हालत गंभीर होने पर उन्हें मिलिट्री हास्पिटल गए जहां रविवार की रात उनकी मौत हो गई। विवेक दो भाइयों में छोटे थे। तीन साल पहले उनकी शादी हुई थी। उनका एक दो साल का लड़का है।
चचेरी बहन की शादी में आए थे घर
विवेक सिंह के चाचा की लड़की की शादी 29 नवंबर को थी। शादी में हिस्सा लेने के लिए वह छुट्टी लेकर घर आए थे। रात में कोहडार से लौटते समय ओवर टेक करने के चक्कर में स्कॉर्पियो सवार लोगों से विवाद हो गया। इसी दौरान उन पर हमला बोल दिया गया। हमला करने वाले नैनी के चाका इलाके के बताए जा रहे हैं। वाहन नंबर के आधार पर पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। विवेक की मौत से शादी वाले घर में खुशियां मातम में बदल गई हैं।
दरोगा समेत पांच नामजद, सभी चाका नैनी के निवासी
सेना के जवान की हत्या के मामले में पिता उमाकांत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने चाका नैनी के रहने वाले पांच युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसमें एक आरोपी यूपी पुलिस में सब इंस्पेक्टर है। जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है उनमें राजकमल पांडेय पुत्र रामकृष्ण पांडेय, दिनेश यादव पुत्र राम कैलाश यादव, राजीव कुमार ठाकुर पुत्र सुनील कुमार ठाकुर, राजू अग्रहरि पुत्र प्रेमचंद्र अग्रहरि और भाईलाल यादव पुत्र हीरालाल यादव निवासी चाका थाना नैनी शामिल हैं। इसमें कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
राजकमल पुत्र रामकृष्ण यूपी पुलिस में दरोगा है। बताया जा है कि दरोगा ने ही फौजी पर रॉड से वार किया। हमला उस समय किया जब विवाद के बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति के बाद अपनी-अपनी गाड़ी में बैठने जा रहे थे। इसी समय दरोगा ने पीछे से फौजी के सिर पर रॉड से हमला कर दिया। जमीन पर गिरने के बाद बेरहमी से सिर पर कई वार किया। फौजी के साथ गाड़ी में मौजूद युवक भागकर गांव में गया और परिजनों को जानकारी दी। जब तक लोग मौके पर पहुंचे स्कॉर्पियो सवार भाग चुके थे।