खुशखबर : प्रयागराज की इतनी महिलाओं को मिल सकती है फ्री बस यात्रा की सौगात
योगी सरकार ने राजस्थान की तर्ज पर प्रदेश भर की बुुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री सफर कराने की घोषणा की थी। इस संबंध में मुख्यालय द्वारा सूबे के सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को इसकी सूचना जारी कर दी गई।
विस्तार
योगी सरकार द्वारा बुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री यात्रा कराने की घोषणा के बाद इसे जल्द लागू किया जा सकता है। रोडवेज मुख्यालय द्वारा प्रदेश के सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों से प्रतिदिन सफर करने वाली बुजुर्ग महिलाओं का डाटा मांगा गया था। प्रयागराज रीजन द्वारा डाटा तैयार कर मुख्यालय को भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रयागराज में नौ डिपो से प्रतिदिन औसतन 2100 बुजुर्ग महिलाएं सफर करती हैं। इन सभी को फ्री बस सफर की सौगात मिल सकती है।
योगी सरकार ने राजस्थान की तर्ज पर प्रदेश भर की बुुजुर्ग महिलाओं को रोडवेज बसों में फ्री सफर कराने की घोषणा की थी। इस संबंध में मुख्यालय द्वारा सूबे के सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों को इसकी सूचना जारी कर दी गई। इसके बाद से ही प्रयागराज रीजन के सभी नौ डिपो सिविल लाइंस, प्रयाग, लीडर रोड, जीरोरोड, बादशाहपुर, मिर्जापुर, लालगंज, प्रतापगढ़ एवं कौशांबी मंझनपुर डिपो में सर्वे किया गया कि औसतन हर रोज कितनी सीनियर सिटीजन महिलाएं बसों में सफर करती है।
समाज कल्याण विभाग की मदद से हुए सर्वे में पाया गया कि यहां औसतन 2100 सीनियर सिटीजन महिलाएं हर रोज सफर करती हैं। अब यहीं आंकड़ा रोडवेज मुख्यालय को भेजा गया है, जबकि ओवरऑल यात्रियों की कुल संख्या का औसतन आंकड़ा 60 हजार का है। बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा जल्द ही महिलाओं को फ्री में सफर करवाने की व्यवस्था लागू कर दी जाएगी।
एसी बस में भी फ्री सफर का मिलेगा मौका
यूपी रोडवेज की योजना के तहत बुजुर्ग महिलाओं को सिर्फ साधारण बसों में ही नहीं, बल्कि एसी बसों में भी सफर की सुविधा दी जाएगी। महिलाएं वॉल्वो, जनरथ, पिंक एसी बस आदि में फ्री सफर कर सकेंगी। बताया जा रहा है कि परिवहन विभाग की प्रतिपूर्ति के लिए महिलाओं से महीने में एक बार 99 रुपये का भुगतान कराया जाएगा। उसके बाद सीनियर सिटीजन महिलाएं पूरे माह कहीं भी बसों में फ्री सफर कर सकेंगी। हालांकि इस बारे में अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।