NCR Railway : एनसीआर में शामिल हो सकते हैं शहर के छह रेलवे स्टेशन, रेलवे बोर्ड तक पहुंचा मामला
प्रयागराज शहर में तीन जोनल रेलवे के स्टेशन हैं। प्रयाग जंक्शन, प्रयागराज संगम और फाफामऊ जंक्शन जहां उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधीन आते हैं तो वहीं प्रयागराज रामबाग, दारागंज एवं झूंसी रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के हैं।
विस्तार
शहर में दूसरे जोनल रेलवे के छह रेलवे स्टेशनों का विलय उत्तर मध्य रेलवे में शामिल किया जा सकता है। इसकी तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे बोर्ड में भी यह मामला पहुंच चुका है। प्रयाग जंक्शन, प्रयागराज संगम, फाफामऊ, प्रयागराज रामबाग, दारागंज और झूंसी स्टेशन इसी वित्तीय वर्ष एनसीआर का हिस्सा बन सकता है।
प्रयागराज शहर में तीन जोनल रेलवे के स्टेशन हैं। प्रयाग जंक्शन, प्रयागराज संगम और फाफामऊ जंक्शन जहां उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधीन आते हैं तो वहीं प्रयागराज रामबाग, दारागंज एवं झूंसी रेलवे स्टेशन पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी के हैं। हर वर्ष लगने वाले माघ मेला एवं प्रत्येक छह वर्ष में लगने वाले कुंभ मेले के दौरान तीनों जोनल रेलवे की ओर से यात्री सुविधा को लेकर तमाम इंतजाम किए जाते हैं।
तैयारियों को देखने के लिए उत्तर रेलवे के अफसर दिल्ली एवं लखनऊ और पूर्वोत्तर रेलवे के अफसर गोरखपुर एवं वाराणसी से यहां आते हैं। जबकि, प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे का मुख्यालय होने के साथ ही मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय भी है। ऐसे में अगर एनईआर और एनआर के स्टेशन एनसीआर में शामिल हो जाते हैं तो यहां बाहर से दूसरे जोनल रेलवे के अफसरों को बुलाने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
इतना ही नहीं, यहां संबंधित स्टेशनों पर होने वाले कार्य की मॉनिटरिंग भी एनसीआर जीएम और डीआरएम प्रयागराज द्वारा की जा सकेगी। महाकुंभ को लेकर चल रहे उत्तर रेलवे के कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं है। एनसीआर के एक अफसर ने बताया कि अगर यह स्टेशन एनसीआर के अधीन होते तो यहां से स्थानीय स्तर पर उन कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग हो जाती।
यूं तो इस बार एनसीआर को तीनों जोनल रेलवे का नोडल बनाया गया है। लेकिन, फिर भी एनईआर और एनआर के स्टेशनों पर चल रहे कार्य की गति धीमी है। रेलवे बोर्ड तक भी यह मामला पहुंच चुका है। इसी वजह से चर्चा इस बात की है कि विलय संबंधी मामले में रेलवे बोर्ड जल्द कोई निर्णय ले सकता है।
संगमनगरी स्थित दूसरे जोनल रेलवे के स्टेशनों का एनसीआर में विलय का मामला रेलवे बोर्ड पहुंचा है। इस बारे में सीनियर अफसरों से बातचीत चल रही है। इसके बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा। -
जया वर्मा सिन्हा, चेयरमैन रेलवे बोर्ड