Prayagraj : प्रयागराज में बारिश से बिगड़े हालात, शहर कई इलाके जलमग्न, अभी और बिगड़ सकते हैं हालात
प्रयागराज में रविवार को भारी बारिश के चलते हालात बेकाबू हो गए। भोर में तीन बजे से शुरू हुई बारिश दोपहर 12 बजे तक तक जारी रही। मौसम विभाग की माने तो प्रयागराज और प्रतापगढ़ समेत आसपास के कई जिलों में बारिश और तेज होने के साथ आंधी तूफान की भी संभावना है। इसको लेकर विभाग ने लोगों को सतर्क कर दिया है।
विस्तार
प्रयागराज में रविवार को भारी बारिश के चलते हालात बेकाबू हो गए। भोर में तीन बजे से शुरू हुई बारिश दोपहर 12 बजे तक तक जारी रही। मौसम विभाग की माने तो प्रयागराज और प्रतापगढ़ समेत आसपास के कई जिलों में बारिश और तेज होने के साथ आंधी तूफान की भी संभावना है। इसको लेकर विभाग ने लोगों को सतर्क कर दिया है।
रविवार को भारी बारिश के चलते शहर के अल्लापुर, जार्जटाउन, टैगोर टाउन, कटरा, ममफोर्डगंज, अल्लापुर, दारागंज, सिविल लाइंस, राजरूपपुर, चौक, मुट्ठीगंज, गऊघाट, कीडगंज आदि इलाकों में पानी भर गया। इससे लोगों की दिक्कत बढ़ गई है। नाले ओवरफ्लो होने से लोगों के घरों में पानी भर गया है। आवागमन अवरुद्ध होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग की मानें तो बारिश अभी और तेज हो सकती है।
तेज आंधी के साथ बारिश से लोगों की मुश्किल बढ़ सकती है। विभाग ने बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज, कौशाम्बी, प्रतापगढ़ के साथ ही अमेठी, फतेहपुर, जौनपुर, रायबरेली, सुल्तानपुर और उन्नाव में भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है।
शहर से लेकर गांव तक टूटा बारिश का कहर, हाईवे बनी झील
रविवार को भोर से शुरू हुई बारिश ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। शहर से लेकर गांव तक पूरे जिले में भारी भारी देखी गई। झूंसी में रविवार की भोर में तेज हवा के साथ शुरू हुई मूसलाधार बारिश शाम तक लगातार होती रही। इससे एक ओर जहां चौतरफा जलभराव हो गया वहीं लोग घरों में भी कैद रहने को मजबूर रहे। हालत यह रही कि झूंसी के तकरीबन सभी इलाके देर शाम तक जलमग्न रहे। भोर से हुई बारिश ने झूंसी में नगर निगम के अधिकारियों के नाला सफाई के दावों की पोल खोलकर रख दी। 14 घंटे की मूसलाधार बारिश के बाद झूंसी पानी-पानी हो गया। झूंसी के आवासीय इलाके टापू में तब्दील रहे।
रविवार की भोर में तकरीबन चार बजे तेज हवा के साथ शुरु हुई मूसलाधार बारिश दिनभर होती रही। शाम छह बजे के बाद बारिश थमी। हालांकि देर शाम को दोबारा से आसमान में छाए काले बादल बरसने लगे। बारिश इस कदर हुई कि पूरा इलाका पानी से लबालब हो गया। क्या कालोनी, क्या मोहल्ला और क्या सरकारी दफ्तर। हर जगह बारिश का पानी दाखिल रहा। भीषण जलभराव के कारण लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया। गरीबों का आशियाना भी भारी बारिश की जद में आकर जमींदोज हो गया।
जोरदार बारिश से जगह-जगह भीषण जलभराव हो गया। तमाम कालोनियों तथा मोहल्लों में भीषण जलभराव होने से लोग हलाकान हो गए। पीडीए की त्रिवेणीपुरम कालोनी स्थित बिजली के उपकेंद्र मेंं भीषण जलभराव हो गया। दस केवीए के ट्रांसफार्मर तक बारिश का पानी पहुंच गया था। हालांकि 33 की मेन सप्लाई ही ट्रिप होने से ज्यादा दिक्कत नहीं हुई। बिजली उपकेंद्र में रविवार की देर शाम तक भीषण जलभराव रहा।
इसी मार्ग पर तकरीबन एक किलोमीटर तक घुटने भर जलभराव रहा। इससे लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कत उठानी पड़ी। आवास विकास कालोनी योजना दो और तीन के विभिन्न सेक्टरों में भी ऐसे भी दिनभर जलभराव रहा। मूसलाधार बारिश के कारण न्यायनगर, हवेलिया, कोहना, नैका-महीन, छतनाग रोड, चकहरिहरवन, नई तथा पुरानी झूंसी आदि में घरों की निचली मंजिल में बारिश का पानी दाखिल हो गया था। बारिश के पानी से निजात पाने में लोगों को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। गरीबों के लिए बरसात जैसे बज्र बनकर आई थी। उनके घरों में रखे खाने-पीने के सामान नष्ट हो गए।
प्रयागराज-वाराणसी हाईवे पर पानी निकासी न होने से हुआ भीषण जलभराव
पिछले अर्द्धकुंभ से पहले प्रयागराज-वाराणसी हाईवे को झूंसी में चौड़ा किया गया था। सड़क को चौड़ा कर फोर लेन तो बना दिया गया लेकिन जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से कुछ देर की बारिश के बाद भीषण जलभराव हो जा रहा है। इससे राहगीरों को आवागमन में भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। पर रविवार को दिनभर हुई मूसलाधार बारिश के बाद हाईवे की सड़क पर जलभराव हुआ तो लोगों की मुसीबत बढ़ गई थी। लोगों ने हाईवे की सड़क पर पानी निकासी की व्यवस्था कराए जाने की मांग की है।