प्रयागराज : घटना के तीसरे दिन भी खीरी बाजार में सन्नाटा, रक्षा बंधन के चलते दुकानें तो खुली, पर ग्राहक नदारद
खीरी बाजार में स्कूल से लौट रहे छात्र सत्यम शर्म की हत्या के बाद भारी बवाल हो गया है। घटना के तीसरे दिन भी बाजार में सियापा रहा। चारों तरफ सीआरपीएफ के जवान और पुलिस बल की मौजूदगी दिखी। बाजार में दुकानें तो खुलीं, लेकिन ग्राहक नदारद रहे।
विस्तार
खीरी में छात्र की हत्या के तीसरे दिन पूरी तरह शांति रही। बाजार से लेकर आरोपियों की बस्ती तक आरएएफ व पीएसी तैनात रही। उधर बाजार खुले लेकिन रौनक नहीं रही। इसे लेकर व्यापारियों के माथे पर चिंता की लकीरें भी दिखाई दीं। उधर मृतक के परिवार में मातम पसरा रहा।
खीरी बाजार ही वह जगह है, जहां छात्र की हत्या के बाद परिजनों-ग्रामीणों ने 28.5 घंटे तक जाम लगाया था। बुधवार को यहां पूर्णतया शांति रही। दो दिन से बवाल की आशंका में सहमे व्यापारियों ने दुकानें भी खोली। हालांकि वह चहल-पहल नहीं दिखी जो सामान्य दिनों में त्योहार से पहले दिखती थी। रक्षाबंधन होने के बावजूद दुकानों पर भीड़ नहीं दिखी। इक्का-दुक्का ग्राहक ही नजर आए और वह भी जल्दबाजी में दिखे। व्यापारियों का कहना है कि त्योहार पर हुए बवाल के चलते इस बार उन्हें तगड़ा नुकसान पहुंचने की आशंका है। हफ्ते भर पहले ही व्यापारियों ने तैयारी कर ली थी।
सशस्त्र जवान करते रहे गश्त, संदिग्धों पर नजर
बवाल भले ही शांत हो गया हो लेकिन पुलिस की ओर से फूंक-फूंककर कदम रखे जा रह हैं। यही वजह रही कि तीसरे दिन भी खीरी बाजार से लेकर आरोपियों की बस्ती तुर्कपुरवा तक भारी फोर्स तैनात रही। पुलिस के साथ ही पीएसी व आरएएफ के जवान जगह-जगह तैनात रहे। साथ ही इनकी टुकड़ियां गश्त भी करती रहीं। उधर स्थानीय पुलिस व एलआईयू की टीम भी संदिग्धों पर नजर रखे रही।
छात्र के शव का पोस्टमार्टम मंगलवार की शाम पांच बजे के करीब हुआ। तनावपूर्ण माहौल के बीच दोपहर में पंचनामे की कार्रवाई पूरी कर पुलिस मृतक के भाई पुरुषोत्तम को लेकर मोर्चरी पहुंची तब पोस्टमार्टम शुरू हुआ। पोस्टमार्टम में मृतक के सिर के पिछले हिस्से में चाेट का निशान मिला है। माना जा रहा है कि यही चोट उसकी मौत का कारण बनी। जख्म से पता चला कि छात्र के सिर पर किसी ठोस व कुंद हथियार से वार किया गया। तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया। शरीर पर कुछ खरोंच के निशान भी मिले हैं। आशंका है कि हमलावरों से भिड़ने के दौरान उसे यह खरोंचें आईं।