Prayagraj : शुआट्स के अफसर तलब, 72 घंटे में वेतन भुगतान के निर्देश
शुआट्स में धर्मांतरण, वित्तीय अनियमितता और अवैध नियुक्तियों को लेकर विवाद चल रहे हैं। शुआट्स की स्थिति खराब होने के कारण शिक्षकों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को महीनों से वेतन नहीं मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सैम हिग्गिनबाटम कृषि प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विश्वविद्यालय (शुआट्स) के शिक्षकों और कर्मचारियों को 10 माह से वेतन नहीं मिला है। मंगलवार को बड़ी संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों ने कमिश्नरी का घेराव कर दिया। अपर आयुक्त ने मौके पर शुआट्स प्रशासन के अफसरों को तलब करते हुए 72 घंटे में वेतन भुगतान के निर्देश दिए और इस बाबत रिपोर्ट भी मांग ली।
शुआट्स में धर्मांतरण, वित्तीय अनियमितता और अवैध नियुक्तियों को लेकर विवाद चल रहे हैं। शुआट्स की स्थिति खराब होने के कारण शिक्षकों, कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों को महीनों से वेतन नहीं मिला है। आठ माह के बकाया वेतन को लेकर सुरक्षाकर्मियों ने बीते दिनों शुआट्स में तालाबंदी भी की थी। इसके बावजूद हालात बदतर बने हुए हैं और वेतन का भुगतान अब तक नहीं हुआ।
मंगलवार को बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी मंडलायुक्त कार्यालय पहुंच गए। शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने कमिश्नरी का घेराव करते हुए बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर नारेबाजी भी की। मंडलायुक्त की अनुपस्थिति में अपर आयुक्त पुष्पराज सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। अपर आयुक्त ने शुुआट्स के अफसरों को मौके पर तलब कर लिया और वेतन भुगतान में देरी का कारण पूछा।
अफसर उचित जवाब नहीं दे सके, जिसपर अपर आयुक्त पुष्पराज सिंह ने शुआट्स प्रशासन को वेतन भुगतान के लिए 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया और कहा कि तीन के बाद मामले की पूरी रिपोर्ट के साथ शुुआट्स प्रशासन के अफसर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बताएं कि उन्होंने समस्या का निराकरण किया या नहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि बकाए वेतन का भुगतान नहीं किया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।