Prayagraj : युवक की हत्या में जिला पंचायत सदस्य समेत सात हिरासत में, मार्केट पर कब्जा को लेकर हुई थी मारपीट
बहरिया बाजार के नया चौराहा के पास मार्केट पर कब्जा करने को लेकर मंगलवार को मऊआइमा से जिला पंचायत अभिषेक यादव और बहरिया के गमरहटा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य शशीकांत यादव के बीच समर्थकों सहित भिड़ंत हो गई थी।
विस्तार
मार्केट पर कब्जा करने को लेकर मंगलवार को बहरिया में हुए गोलीकांड में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मुख्य आरोपी जिला पंचायत सदस्य मऊआइमा अभिषेक यादव, उसके चाचा गजराज यादव समेत सात लोगों को हिरासत में भी ले लिया गया है। उनसे देर रात तक पूछताछ जारी रही।
बहरिया बाजार के नया चौराहा के पास मार्केट पर कब्जा करने को लेकर मंगलवार को मऊआइमा से जिला पंचायत अभिषेक यादव और बहरिया के गमरहटा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य शशीकांत यादव के बीच समर्थकों सहित भिड़ंत हो गई थी। इस दौरान गोली लगने से शशिकांत पक्ष से सारीपट्टी निवासी मुलायम यादव की मौत हो गई। जबकि अभईपुर निवासी बीडीसी सदस्य जितेंद्र यादव गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक के पिता रामा यादव की तहरीर पर पुलिस ने देर रात जिपंस अभिषेक, उसके भाई वीरेनसेन और चाचा गजराज यादव सहित 10 लोगों के खिलाफ हत्या व अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
पिता का आरोप- जिपंस ने बेटे के सीने में मारी गोली
पिता का आरोप है कि जिपंस अभिषेक ने उनके बेटे के सीने और पेट में राइफल से गोली मारी जिससे वह गिरकर तड़पने लगा और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। तहरीर में उसने यह भी आरोप लगाया कि अभिषेक के चाचा गजराज यादव ने बीडीसी सदस्य जितेंद्र पर राइफल से फायर किया जिसमें गोली उसकी जांघ में लगी। अन्य लोगों ने भी जान से मारने की नीयत से फायर किया और लाठी-डंडे व हॉकी से तोड़फोड़ की। सूत्रों का कहना है कि हिरासत में लिए गए आरोपियों के कब्जे से राइफल और अवैध असलहे भी बरामद किए गए हैं।
यह हुए नामजद
1-जिला पंचायत सदस्य अभिषेक यादव, 2-गजराज यादव,3-राहुल यादव,4-गणेश यादव,5-धर्मेंद्र तिवारी उर्फ मंटू,6-राहुल पासी, 7चंद्रसेन यादव,8-वीरसेन यादव,9-मो जैद,10-मो उस्मान
बुर्का पहन कर मजलिस में घुसा था अभिषेक
मऊआइमा के मानी उमर पुर गांव में वर्ष 2016 में मोहर्रम की मजलिस में शामिल गांव की महिलाओं के बीच बुर्का पहन कर अभिषेक घुसा था। इसकी जानकारी पर उसकी जमकर धुनाई की गई थी। तजियादार मुकीम उद्दीन की तहरीर पर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। यही नहीं मऊआइमा के ही मऊदोस्तपुर गांव में 30 अक्टूबर 2020 को जूही शबनम पुत्री रमजान के घर में अभिषेक यादव, गजराज यादव, वीरसेन यादव सहित दर्जनों लोगों पर राइफल से लैस होकर कब्जा करने की कोशिश का भी आरोप लगा था। मामले में उपरोक्त लोगों को नामजद करते हुए पीड़ित की तहरीर पर अभियोग दर्ज किया गया था। मऊआइमा के पूर्व ब्लाक प्रमुख मो शमी की हत्या में अभिषेक को नामजद किया था। इसके अलावा मारपीट और जमीन कब्जा करने के भी कई बार आरोप अभिषेक पर लगे हैं।