प्रयागराज : शहर में महिलाओं के लिए बनेगा अलग बाजार, 80 करोड़ के करीब आएगी लागत
नगर निगम सदन की बैठक में प्रस्तुत किए गए आय-व्यय बजट में इस योजना के लिए मूल बजट की 10 फीसदी धनराशि निर्धारित की गई है। वेंडिंग जोन और बाजार में बिजली, पानी आदि की अलग से व्यवस्था की जाएगी।
विस्तार
नगर निगम शहर में नए वेंडिंग जोन के निर्माण के साथ ही महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए अलग से बाजार बनाएगा। यहां सिर्फ महिलाओं को ही दुकानें आवंटित की जाएंगी। आवंटन में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। नए वेडिंग जोन और बाजार के निर्माण पर करीब 80 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
नगर निगम सदन की बैठक में प्रस्तुत किए गए आय-व्यय बजट में इस योजना के लिए मूल बजट की 10 फीसदी धनराशि निर्धारित की गई है। वेंडिंग जोन और बाजार में बिजली, पानी आदि की अलग से व्यवस्था की जाएगी। महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने सदन में पार्षदों को बताया कि लंबे समय से वेंडिंग जोन बनाए जाने की मांग चल रही थी। जिससे रोड पटरी से हटाए गए दुकानदारों को पुनर्स्थापित किया जा सके। शासन की ओर से भी इसके लिए निर्देश जारी हुए थे। इसी को देखते हुए बजट में व्यवस्था की गई है। साथ ही महिला दुकानदारों को प्रोत्साहित करने के लिए अलग से बाजार तैयार होगा।
सड़कों के नाम बदलने के साथ लगेंगे बोर्ड
निगम में सोमवार को सदन की बैठक के दौरान कई सड़कों और चौराहों के नाम बदलने के प्रस्ताव पर मुहर लग गई। इन बदले हुए नामों वाली सड़कों और चौराहों पर बोर्ड भी लगेंगे। सदन के पटल पर रखे गए प्रस्तावों में मुख्य रूप से सीएमपी लॉ कॉलेज को जाने वाली सड़क का नाम चौधरी महादेव प्रसाद के नाम पर रखने, रामबाग स्थित फ्लाईओवर का नाम शहीद ए आजम भगत सिंह करने, गीता निकेतन से बागड़ धर्मशाला से शास्त्रीपुल की ओर जाने वाले मार्ग का नाम शहीद रोशन सिंह के नाम पर किए जाने का प्रस्ताव पास हुआ।
इसी प्रकार कालिंदीपुरम दुर्गा पूजा पार्क का नाम स्व. प्रेम कृष्ण श्रीवास्तव के नाम पर, शिवकुटी में मेला रोड स्थित तिकोना पार्क का नाम शहीद अंबुज सिंह के नाम पर रखने का फैसला हुआ। बाघम्बरी गद्दी सड़क का नाम पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यप्रकाश मालवीय के नाम पर रखने, प्रीतम नगर में होली ढाबा चौराहा प्रसिद्ध कवि कैलाश गौतम के नाम पर रखने, मुट्ठीगंज का नाम सालिगराम जयसवाल करने आदि का फैसला हुआ।