Research : दिमाग से निकले डोपामिन को सेकेंडों में परख लेगा सेंसर, वैज्ञानिकों ने तैयार किया सेंसर
प्रतिष्ठित जर्नल अमेरिकन केमिकल सोसाइटी में प्रकाशित इस शोध को इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के भौतिक विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक प्रो. टीपी यादव, आईआईटी खड़गपुर के प्रो. चंद्रशेखर तिवारी और ब्राजील की सैंपियाना यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक प्रो. डोगलस संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय, आईआईटी खड़गपुर और ब्राजील के वैज्ञानिकों ने एक ऐसा सेंसर तैयार किया है कि जो मानव मस्तिष्क से निकले डोपामिन रसायन को कुछ ही सेकेंड में परख लेगा। सेंसर बताएगा कि स्राव हुआ है या नहीं। वैज्ञानिकों के मुताबिक, इसका अधिक स्राव इंसान को इस कदर उत्तेजित कर देता है वह आत्मघाती कदम उठाने से लेकर गंभीर अपराध तक कर बैठता है।
प्रतिष्ठित जर्नल अमेरिकन केमिकल सोसाइटी में प्रकाशित इस शोध को इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) के भौतिक विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक प्रो. टीपी यादव, आईआईटी खड़गपुर के प्रो. चंद्रशेखर तिवारी और ब्राजील की सैंपियाना यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक प्रो. डोगलस संयुक्त रूप से कर रहे हैं।
दुनिया के शीर्ष दो फीसदी वैज्ञानिकों में शुमार प्रो. टीपी यादव बताते हैं कि डोपामिन के अधिक स्राव से दिमाग में तेजी से उत्तेजना बढ़ने लगती है। इससे मनुष्य पूरी तरह से होश में नहीं रह जाता और बिना कुछ सोचे-समझे कई बार गंभीर अपराध तक अंजाम दे डालता है। इन अपराधों में हत्या-आत्महत्या से लेकर मारपीट तक कुछ भी हो सकता है।
प्रो. यादव के मुताबिक, शरीर में डोपामिन की मात्रा पता लगाने के लिए अभी रक्त की जांच करानी होती है। इसकी रिपोर्ट में काफी वक्त लग जाता है। उनका डोपामिन सेंसर मुंह में रखते ही कुछ ही सेकेंड में बता देगा कि दिमाग में डोपामिन का स्राव हुआ है कि नहीं।
आगे जानेंगे स्राव की मात्रा और असर
शोध के अगले चरण में सेंसर को अपग्रेड किया जाना है। प्रो. यादव अब सेंसर को अपग्रेड करके डोपामिन के स्राव की सटीक मात्रा और उससे मानव मस्तिष्क पर होने वाले सकारात्मक व नकारात्मक असर का पता लगाएंगे। यह भी पता लगाएंगे कि डोपामिन सेंसर कितने दिनों तक काम कर सकता है। यह शोध चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाला साबित हो सकता है।
इविवि में डिजाइन हुआ, आईआईटी में प्रैक्टिकल, ब्राजील में थ्योरी पर काम
सेंसर तैयार करने में टाइटेनियम, जरकोनियम और निकिल के एलॉय कम्पोजिशन का उपयोग किया गया है। इसकी डिजाइन इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रो. यादव ने तैयार की और प्रारंभिक स्तर पर यहीं प्रयोग भी किए। सफलता मिलने पर आईआईटी खड़गपुर में इसे प्रायोगिक तौर पर परखकर अंतिम रूप दिया गया। सेंसर की थ्योरी (सिद्धांत) पर पूरा काम ब्राजील की सैंपियाना यूनिवर्सिटी में हुआ।
डोप टेस्ट भी सेंसर से हो सकेगा संभव
खिलाड़ियों के डोप टेस्ट में खून का नमूना लेकर डोपामिन ही परखा जाता है। किसी शक्तिवर्धक दवा के लेने पर यह डोपामिन अप्रत्याशित रूप से बढ़ जाता है, जो कि टेस्ट में पकड़ा जाता है। मौजूदा शोध आगे बढ़ने पर डोप टेस्ट भी खून के बजाय सेंसर से ही करना संभव हो सकेगा।
हार्ट फेल होने पर देते हैं डोपामिन
मोतीलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. सुजीत वर्मा बताते हैं कि डोपामिन एक न्यूरो ट्रांसमीटर है, जो दिमाग के जरिये भावनाओं को नियंत्रित करता है, आनंद का अनुभव कराता है और शरीर की गति को भी नियंत्रित करता है। शरीर में इसका सामान्य स्तर 0 से 30 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर होता है। इसके घटने-बढ़ने के दुष्परिणाम भी देखने को मिलते हैं। कार्डियोजेनिक शॉक, सेप्टिक शॉक या हार्ट फेल हो जाने पर डोपामिन इंजेक्शन देते हैं, ताकि रक्तचाप और हृदय की कार्यक्षमता बढ़ाई जा सके। अभी इसकी जांच खून के नमूने से ही हो पाती है।