Prayagraj : 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर ‘नारी शक्ति’ के भावों पर प्रस्तुति देंगी सपना
कोबरा आर्मी प्री- प्राइमरी स्कूल न्यू कैंट की नृत्य शिक्षिका सपना कर्तव्य पथ पर नारी सशक्तिकरण थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसमें उनके साथ सहयोगी कलाकार के तौर पर दिव्यांशी साहू, शगुन सिंह, अराधना यादव, गुनगुन बाजपेई, अनुष्का, आयुषी यादव, सृष्टि, निकिता यादव, नानू शेरपा, तनीषा जायसवाल और प्रेरणा भी शामिल रहेंगी।
विस्तार
नृत्यांगना सपना द्विवेदी गणतंत्र दिवस परेड के बाद अपनी 11 सदस्यीय टीम के साथ ‘नारी शक्ति’ की थीम पर लोक गीत कजरी के भावों पर प्रस्तुति देंगी। यूपी की ओर से प्रतिनिधित्व के लिए एनसीजेडसीसी की ओर से चयनित किए जाने के बाद वह साथी कलाकारों के साथ बेहद उत्साहित हैं।
कोबरा आर्मी प्री- प्राइमरी स्कूल न्यू कैंट की नृत्य शिक्षिका सपना कर्तव्य पथ पर नारी सशक्तिकरण थीम पर आधारित नृत्य प्रस्तुत करेंगी। इसमें उनके साथ सहयोगी कलाकार के तौर पर दिव्यांशी साहू, शगुन सिंह, अराधना यादव, गुनगुन बाजपेई, अनुष्का, आयुषी यादव, सृष्टि, निकिता यादव, नानू शेरपा, तनीषा जायसवाल और प्रेरणा भी शामिल रहेंगी। इनका दल पूरे प्रदेश का प्रतिनिधित्व भी करेगा।
सपना और उनकी टीम की नृत्यांगनाएं पिछले एक महीने से नई दिल्ली में चुनिंदा प्रशिक्षिकों की देखरेख में प्रशिक्षण ले रही हैं।सुलेमसराय की रहने वाली सपना एनसीजेडसीसी के साथ पिछले 10 सालों से जुड़ी हैं और वह अब तक देश भर में कई मंचों पर प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। इसके साथ ही दूरदर्शन और आकाशवाणी के लिए भी उन्होंने दर्जनों शो किए हैं। वह बतातीं हैं कि बचपन से ही उनका रुझान कथक और भरतनाट्यम की ओर रहा। पांच साल की उम्र में उन्होंने पहली बार स्कूल में कथक के परिधान पहने थे। इसके बाद जो नृत्य का सफर शुरू हुआ, वह अब तक जारी है।
सपना ने बताया कि शादी के बाद करीब पांच साल तक उन्होंने किसी भी बड़े सांस्कृतिक मंच पर प्रतिभाग नहीं किया था, लेकिन जब उन्हें संस्कृति मंत्रालय की ओर से प्रस्ताव आया तब आबकारी विभाग में तैनात उनके पति विपिन कुमार ने उन्हें बाहर निकलने की न सिर्फ छूट दी, बल्कि आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित भी किया।
हरियाणा दिवस पर भी दे चुकी हैं प्रस्तुतियां
सपना हरियाणा दिवस के अवसर पर अपनी टोली के साथ प्रस्तुति दे चुकी हैं। तब तत्कालीन मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला ने उनको सम्मानित किया था।
विद्यालय के शिक्षकों का मिला सहयोग
सपना के स्कूल में भी खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य सोनिया भंभानी और अन्य शिक्षक लगातार हौसला अफजाई कर रहे हैं। सपना बताती हैं कि परिवार और स्कूल के सहयोग से वह पिछले एक महीने से दिल्ली में प्रशिक्षण ले रहीं हैं। उनसे जुड़े लोगों को उस दिन की प्रस्तुति का बेसब्री से इंतजार है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों से कलाकारों को चयनित किया गया है। प्रयागराज से दो दलों को स्थान मिला है। जिसमें एक सपना द्विवेदी के दल को स्थान मिला है। प्रधानमंत्री के सामने गणतंत्र दिवस परेड में उन्हें 10 मिनट का समय दिया जाएगा। सभी कलाकार एक साथ अपनी कलाओं की प्रस्तुति देंगी। - प्रो. सुरेश शर्मा, निदेशक-एनसीजेडसीसी।