sangh shiksha varg prayagraj : आरएसएस का शिक्षा वर्ग शुरू, प्रांत प्रचारक रमेश बोले- हिंदू जगे तो देश जगेगा
प्रांत प्रचारक ने कहा कि सामाजिक समरसता, सामूहिक जीवन शैली, नेतृत्व क्षमता का विकास, समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पित कार्यकर्ता तैयार करना ही वर्ग का ध्येय होता है। प्रांत प्रचारक ने कहा कि व्यक्ति निर्माण का सबसे बड़ा केंद्र हमारी शाखाएं हैं।
विस्तार
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश ने बृहस्पतिवार को कहा कि संघ अपनी स्थापना काल से ही व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के ध्येय को लेकर आगे बढ़ रहा है। संघ शिक्षा वर्ग के माध्यम से निरंतर संस्कारित, अनुशासनबद्ध एवं प्रखर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत युवा पीढ़ी का निर्माण हो रहा है। जो समाज के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर अपनी विशेष छाप छोड़ रहे हैं। संघ के प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही ‘हिंदू जगे तो देश जगेगा’ के भाव को और भी पुष्ट बनाने में सक्षम होंगे। प्रांत प्रचारक ने यह विचार माधन ज्ञान केंद्र इंटर कालेज में आयोजित संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) के उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त किए।
प्रांत प्रचारक ने कहा कि सामाजिक समरसता, सामूहिक जीवन शैली, नेतृत्व क्षमता का विकास, समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पित कार्यकर्ता तैयार करना ही वर्ग का ध्येय होता है। प्रांत प्रचारक ने कहा कि व्यक्ति निर्माण का सबसे बड़ा केंद्र हमारी शाखाएं हैं। शाखाओं के माध्यम से संस्कार, अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता समरसता सामूहिक जीवन शैली, समर्पण तथा राष्ट्रभक्ति का भाव जागृत होता है। नर से नारायण का निर्माण वास्तव में हमारी शाखा ही करती हैं। वर्ग में प्रशिक्षित कार्यकर्ता अपने-अपने कार्य क्षेत्र में जाकर शाखा के माध्यम से व्यक्ति निर्माण और समाज परिवर्तन के काम में लगें, यही उनसे अपेक्षा है।
पांच जिलों के 320 स्वयंसेवक ले रहे हैं प्रशिक्षण
पूर्व प्रांत प्रचारक ने भारत माता की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया। प्रांत प्रचार प्रमुख डा. एमजे त्रिपाठी ने बताया कि संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) में प्रयागराज के अतिरिक्त प्रतापगढ़ ,कौशांबी, अमेठी, सुल्तानपुर समेत पांच जिलों के 320 सवयं सेवक प्रशिक्षण प्राप्त करने आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान वर्ग की व्यवस्था में लगे 100 कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई। इस अवसर पर प्रांत संघचालक डॉ विश्वनाथ लाल निगम, वर्गाधिकारी रमेश चंद्र त्रिपाठी, प्रांत कार्यवाह मुरली पाल, हरीश कुमार, घनश्याम अग्रहरि , डा. राजबिहारी लाल, मुनीश कुमार, डा. पीयूष, वेद, मुकेश, केशव लाल आदि मौजूद रहे।