Prayagraj : पुलिस टीम पर हमले का मुख्य आरोपी सलीम बाबा गिरफ्तार, निशानदेही पर लोहे का बांका बरामद
थाना नवाबगंज क्षेत्र के आनापुर चौकी अंतर्गत पुलिस टीम पर हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित मोहम्मद सलीम (50) को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का बांका भी बरामद किया गया।
विस्तार
बीते दिनों आनापुर में पुलिस फोर्स पर पत्थरबाजी के मुख्य आरोपी मोहम्मद सलीम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शिवकुटी के तेलियरगंज से पकड़ा गया है। पुलिस की पूछताछ में मोहम्मद सलीम ने बताया कि पथराव की कोई मंशा नहीं थी। उसे पछतावा है।
थाना प्रभारी पंकज अवस्थी ने बताया कि आरोपी का कहना था कि वह प्रशास से रास्ते को लेकर गुहार लगाता रहा, लेकिन न्याय नहीं मिला। जबकि पुलिस का कहना है कि 2019 में विद्यालय संचालक की ओर से भूमिधरी जमीन में विद्यालय की सीढ़ी बनाई गई। इस दौरान आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में कोर्ट में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
आनापुर की घटना में कई रिश्तेदार महिलाएं भी फंसी
सरांय राह कोराली के मुहर्रम देखने आईं कई रिश्तेदार महिलाएं आनापुर के बवाल में पुलिस की कार्रवाई का शिकार हो गईं। शुक्रवार की रात पुलिस ने 21 लोगों को गिरफ्तार किया था। इसमें ज्यादातर महिलाएं थी। आरोप है कि शहाबपुर निवासी रोशनी निवासी को थाने लाया गया, तो वह बीमार हो गई। ऐसे में उसे अस्पताल भेजा गया।
पुलिस की दबिश के बाद आरोपियों के घरों और दुकानों में पसरा सन्नाटा
ठेगहा गांव में पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में रविवार को आरोपियों के घरों और स्थानीय बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं, पुलिस गश्त करती रही। पुलिस के अनुसार, बीते शुक्रवार रात ठेगहा गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस का कहना है कि समझाने-बुझाने के दौरान मोहम्मद सलीम और उसके परिजनों ने हमला कर दिया, जिसमें आनापुर चौकी प्रभारी घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बताया कि मामले में निजाम, निसार, असलम, मोनू, मोहम्मद सफीक सहित सात महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है। एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह ने बताया कि घटनास्थल एवं क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई है।