प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने शनिवार को दुग्धशाला विकास विभाग के तहत वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक के आठ पदों का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया। इनमें सात पद अनारक्षित और एक पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है।
इन पदों पर चयन के लिए 79 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था और इनमें से 41 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। भर्ती साढ़े चार साल पुरानी है। इसका विज्ञापन वर्ष 2014-15 में जारी किया गया था। विज्ञापन की अंतिम तिथि 15 मई 2015 तक 696 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किया किया था। इनमें से 418 अभ्यर्थियों ने आयोग में परंपरागत आवेदनपत्र और शैक्षिक अभिलेख प्रस्तुत किए। आवेदनपत्रों के परीक्षण के बाद श्रेष्ठताक्रम में अर्ह पाए गए अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 30 अक्तूबर को आयोजित किया गया। साक्षात्कार के तीन दिन बाद आयोग ने अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। चयनितों में गोविंद कुमार, अनूपमणि पांडेय, अविनाश गुप्ता, नमो नारायण, मनोज कुमार दुबे, हेमा श्रीवास्तव, कीर्ति सिंह एवं श्याम मूर्ति सिंह यादव शामिल हैं।