रामायण कॉन्क्लेव : डिप्टी सीएम केशव बोले- विरोधी दल श्रीराम-निषादराज की मित्रता को तोड़ने का कर रहे प्रयास
कहा कि जिस रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण की लड़ाई 500 वर्षों तक लड़ी गई, आज वहां भव्य मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। 2024 जनवरी तक रामलला का मंदिर बनकर तैयार होगा। उन्होंने पूर्व विधायक दिवंगत विक्रमाजीत मौर्य को यादकर उनके कार्यों की सराहना की
विस्तार
राजनीति करने वाले तथाकथित लोग धार्मिक टिप्पणियां कर रहे हैं। उन्हें नहीं पता कि पुरुषोत्तम श्रीराम भक्तों की शक्ति हैं, उनका स्मरण जरूरी है। ये बातें बुधवार को शृंग्वेरपुर धाम में पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग की ओर से आयोजित जन-जन के राम पर आधारित दो दिवसीय रामायण काॅन्क्लेव का उद्घाटन करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं। उन्होंने कहा कि विरोधी दल त्रेता युग से चली आ रही श्रीराम-निषादराज की मित्रता को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं, परंतु उनका मंसूबा कभी पूरा नहीं हो पाएगा। 1990 में सभी परिस्थितियों का सामना करते हुए राम भक्तों को केवट व निषाद समाज ने अयोध्या पहुंचाने का काम किया था। राम भक्तों की ही आस्था हैं।
कहा कि जिस रामजन्म भूमि पर मंदिर निर्माण की लड़ाई 500 वर्षों तक लड़ी गई, आज वहां भव्य मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। 2024 जनवरी तक रामलला का मंदिर बनकर तैयार होगा। उन्होंने पूर्व विधायक दिवंगत विक्रमाजीत मौर्य को यादकर उनके कार्यों की सराहना की। इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलित कर रामायण काॅन्न्लेव का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष गंगापार अश्वनी दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैयालाल पांडेय, पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय, मानवेंद्र प्रताप सिंह, महंत गिरीशपति त्रिपाठी, कल्पना सहाय, रंजन शुक्ल, शंभूनाथ त्रिपाठी अंशुल आदि ने संबोधित किया। संचालन डॉ. आभा श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
आभार क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी अपराजिता सिंह ने जताया। इस अवसर पर हनुमान गढ़ी के महंत कमलदास महाराज, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमेश शुक्ल उर्फ चंदन, प्रशांत गुप्ता, राजू पाल, टीएन सिंह, पूर्व चेयरमैन प्रदीप केसरवानी, अविनाश मौर्य, आफताब कुरैशी, आलोक तिवारी, कमल कृष्ण मौर्य, अवनोद ओझा, मनोज मित्तल, यमुना प्रसाद, धीरेंद्र मिश्र, मनोज द्विवेदी, अमित द्विवेदी, उमेश चंद्र द्विवेदी आदि लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश के 75 जिलों में लगेंगे उद्योग
शृंग्वेरपुर में आयोजित रामायण काॅन्क्लेव के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लखनऊ में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट में दुनिया भर के 36 देशों की कंपनियों ने प्रतिभाग किया था। इनमें से कई ने पूरे प्रदेश में अरबों-खरबों का निवेश कर 75 जिलों में छोटी, बड़ी कंपनियां लगाने का प्रस्ताव रखा है। समिट में प्रयागराज को भी बहुत कुछ मिलने वाला है।
2025 तक कुंभ से जुड़ जाएगा शृंग्वेरपुर धाम
केशव प्रसाद मौर्य ने शृंग्वेरपुर के विकास पर चर्चा करते हुए कहा कि 2014 से पहले और बाद का विकास लोग देख रहे हैं। पिछली सरकारों में लूट खसोट और पैसे की बंदरबांट हो रही थी। 2014 के बाद का अंतर दिख रहा है। भगवान श्रीराम-निषादराज की मिलन स्थली का विकास तेजी से हुआ है। 2025 तक धाम को कुंभ से जोड़ दिया जाएगा। कुंभ में आने वाले करोड़ों लोग शृंग्वेरपुर धाम जरूर आएंगे।
आरंभ हो गया है रामवनगमन मार्ग निर्माण
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि राम वन गमन मार्ग बनना शुरू हो गया है। मेरा प्रयास होगा कि 2024 से पहले शृंग्वेरपुर में फोरलेन गंगा सेतु बनकर तैयार हो जाए। इसलिए कि चाहे चित्रकूट जाने वाला हो, अथवा भरद्वाज आश्रम के लिए शृंग्वेरपुर आए बगैर यात्रा अधूरी रहेगी। शृंग्वेरपुर पर्यटन हब बनकर तैयार होगा। इससे रोजगार और व्यापार के अवसर भी मिलेंगे।