raksha bandhan 2022 : महिला यात्रियों ने फ्री सफर का उठाया भरपूर लाभ, वाराणसी रूट पर कम पड़ीं बसें
raksha bandhan 2022 दोपहर 12 बजे के आसपास वाराणसी रूट की बसें ही कम पड़ गईं। सिविल लाइंस के एआरएम सीबी राम ने वर्कशॉप से बसें मंगवाईं। अफसरों का कहना है कि शुक्रवार को बसों में बृहस्पतिवार के मुकाबले ज्यादा भीड़ जुट सकती है।
विस्तार
रक्षाबंधन के अवसर पर बृहस्पतिवार को बसों में खूब भीड़ रही। महिला यात्रियों ने फ्री सफर का भरपूर लाभ उठाया। रोडवेज प्रशासन का अनुमान है कि देर शाम तक प्रयागराज रीजन से संचालित बसों से 20 हजार से ज्यादा महिलाएं अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।
इस बार सीएम योगी ने रक्षाबंधन के मौके पर बसों में फ्री सफर की अनुमति एक की बजाय दो दिन कर दी। इसका असर यह रहा कि बुधवार रात 12 बजे के बाद से ही सिविल लाइंस, जीरोरोड डिपो समेत प्रयागराज रीजन के सभी डिपो में महिला यात्रियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
बृहस्पतिवार की सुबह सिविल लाइंस बस स्टेशन से संचालित तमाम बसों में काफी संख्या में महिला यात्री अपनेे-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। दोपहर 12 बजे के आसपास वाराणसी रूट की बसें ही कम पड़ गईं। सिविल लाइंस के एआरएम सीबी राम ने वर्कशॉप से बसें मंगवाईं। अफसरों का कहना है कि शुक्रवार को बसों में बृहस्पतिवार के मुकाबले ज्यादा भीड़ जुट सकती है।
बहनें बोली, दो दिन की अवधि होने से हुआ फायदा
वाराणसी जा रही अंजलि और शीलू ने बताया कि पहले एक दिन में ही अपने गंतव्य पर पहुंचकर वापस लौटना पड़ता था, लेकिन दो दिन की मियाद बढ़ाने से फायदा हुआ। आकांक्षा ने कहा कि एसी बस में भी सफर फ्री होने की जानकारी उन्हें बस स्टेशन पर ही मिली। अयोध्या जा रही ज्योति ने सीएम योगी का आभार जताया।
लखनऊ निवासी बवलीन कौर ने कहा कि सीएम योगी ने फ्री सफर का हम बहनों को बड़ा उपहार दिया है। इसी तरह शालिनी भारतीय ने कहा कि अगर किसी महिला के साथ उनके छोटे बच्चे हैं तो उन्हें भी फ्री सफर की अनुमति देनी चाहिए। अभी साथ चल रही बच्चियों को ही फ्री सफर की छूट है।