Railway News : कपड़ों के रंग से ही पहचान लिए जाएंगे रेलकर्मी, अलग-अलग रंग की सेफ्टी जैकेट
महाकुंभ के दौरान शहर के सभी नौ स्टेशनों में से सर्वाधिक भीड़ प्रयागराज जंक्शन पर उमड़ने की संभावना है। जंक्शन पर यात्रियों को मदद की जरूरत पड़ने पर भीड़ में वह रेलकर्मियों को पहचान नहीं पाते।
विस्तार
महाकुंभ में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे इस बार विशेष इंतजाम करने जा रहा है। महाकुंभ में ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को उनके विभागवार अलग-अलग रंग की सेफ्टी जैकेट दी जाएगी। ऐसे में श्रद्धालुओं को किसी तरह की मदद की जरूरत पड़ने पर वे आसानी से उस विभाग के कर्मचारी तक पहुंच सकेंगे।
महाकुंभ के दौरान शहर के सभी नौ स्टेशनों में से सर्वाधिक भीड़ प्रयागराज जंक्शन पर उमड़ने की संभावना है। जंक्शन पर यात्रियों को मदद की जरूरत पड़ने पर भीड़ में वह रेलकर्मियों को पहचान नहीं पाते। इसी वजह से इस बार उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने जंक्शन के प्लेटफॉर्म, यात्री आश्रय स्थल पर तैनात कर्मचारियों की पहचान के लिए उन्हें विभागवार अलग-अलग रंग की सेफ्टी जैकेट देने का निर्णय लिया है। उदाहरण के लिए वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों को हरे रंग की सेफ्टी जैकेट दी जाएगी तो आरपीएफ कर्मियों को नारंगी रंग की।
महाकुंभ में ड्यूटी के दौरान सेफ्टी जैकेट अनिवार्य रूप से रेलकर्मियों को पहननी होगी। यात्रियों की सहूलियत के स्टेशन पर कई स्थान पर लगे बोर्ड में भी इस बात का उल्लेख रहेगा कि किस रंग की जैकेट में किस विभाग के कर्मचारी हैं। कुल 11 विभाग के लिए अलग रंग चिह्नित किए गए हैं। प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने इसकी पुष्टि की है। कहा कि महाकुंभ के दौरान यात्री सुविधा के मद्देनजर यह व्यवस्था की जा रही है।
विभागवार इस तरह होगा सेफ्टी जैकेट का कलर
परिचालन विभाग : ग्रीनिश येलो
वाणिज्य विभाग : फ्लोरेसिन ग्रीन
आरपीएफ : ऑरेंज
मेडिकल : पिंक
सिग्नल एंड टेलकम्यूनिकेशन :येलो
इंजीनियरिंग : ऑरेंज
कैरेज एंड वैगन : डार्क ग्रीन
इलेक्टि्रकल : व्हाइट
स्काउट एंड गाइड : ब्लू
ईएनएचएम : मैरून
रैपिड एक्शन टीम : पर्पल