मंत्री बोले : दिव्यांगों की पेंशन 1000 से बढ़ाकर 1500 रुपये करने की चल रही है तैयारी
दिव्यांग पेंशन की राशि एक हजार से बढ़कर 1500 रुपये की जाएगी। इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिव्यांग पेंशन की राशि एक हजार से बढ़कर 1500 रुपये की जाएगी। इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कश्यप ने बुधवार को समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। दिव्यांगों को पहले 300 रुपये पेंशन मिलती थी, जिसे डे़ढ़ साल पहले 500 रुपये कर कर दिया गया था। इसके बाद पिछले जनवरी में यह राशि बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दी गई। मंत्री ने बताया कि अब इसे 1500 रुपये करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
मंत्री ने बताया कि शादी अनुदान की राशि बढ़ाकर भी 51 हजार करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। बैठक में अफसरों का कहना था कि समाज कल्याण की योजना के तहत सामूहिक शादी पर 51 हजार रुपये दिए जाते हैं। जबकि, दिव्यांग विभाग की योजना के तहत वर और कन्या दोनों दिव्यांग हैं तो 35 हजार रुपये दिए जाते हैं। इसका नतीजा है कि पात्र इसके लिए आगे ही नहीं आ रहे। इस पर मंत्री ने बताया कि शादी अनुदान की राशि भी 51 हजार रुपये की जाएगी।
अफसरों ने दुकान निर्माण के लिए 20 हजार के बजाय 50 हजार रुपये दिए जाने की बात कही। उन्होंने दुकान संचालन के लिए भी 10 हजार के बजाय 30 हजार रुपये की आर्थिक मदद दिए जाने की बात भी कही। इसके अलावा महंगाई को देखते हुए उपकरणों की कीमत बढ़ाने की बात भी कही। इस पर मंत्री ने बताया कि इन बिंदुओं पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही सकारात्मक घोषणाएं की जाएंगी।
20 मोटराइज्ड, 72 ट्राईसाइकिल का हुआ वितरण
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की ओर से आयोजित तीन दिनी कौशल प्रदर्शनी के समापन कार्यक्रम में बुधवार को राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। उन्होंने 20 पात्रों को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरित कीं। इसके अलावा 72 को ट्राईसाइकिल, पांच को एमआर किट, तीन को स्मार्ट केन तथा एक दिव्यांग को व्हीलचेयर वितरित की। दिव्यांगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। इस मौके पर रामभद्राचार्य, योगेंद्र दुबे, उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग विनीता यादव, जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी नंद किशोर याज्ञिक आदि मौजूद रहे।