प्रयागराज : दो रिश्तेदार युवतियों ने किया समलैंगिक विवाह, नाराज परिजन दोनों को लेकर थाने पहुंचे तो इंस्पेक्टर ने कहा...
थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की बहन की शादी मऊआइमा में हुई है। घर आने जाने के दौरान उसकी अपने जीजा की बहन से करीबी हो गई। शनिवार को तब हंगामा मच गया जब मऊआइमा निवासी युवती ने बहरिया में रहने वाली अपनी रिश्तेदार के घर पहुंचकर बताया कि दोनों ने शादी कर ली है और वह उसे ले जाने के लिए आई है।
विस्तार
बहरिया थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने अपनी ही रिश्तेदार युवती से मंदिर में शादी कर ली। इस बात की जानकारी होने पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया। दोनों एक साथ रहने पर अड़ी रहीं तो घरवाले उन्हें थाने ले गए। लेकिन पुलिस ने युवतियों व परिजनों को समझाकर घर भेज दिया। पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियां बालिग हैं।
थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती की बहन की शादी मऊआइमा में हुई है। घर आने जाने के दौरान उसकी अपने जीजा की बहन से करीबी हो गई। शनिवार को तब हंगामा मच गया जब मऊआइमा निवासी युवती ने बहरिया में रहने वाली अपनी रिश्तेदार के घर पहुंचकर बताया कि दोनों ने शादी कर ली है और वह उसे ले जाने के लिए आई है। यह भी बताया कि दोनों के बीच करीब एक साल से संबंध हैं और उन्होंने मंदिर में शादी भी कर ली है।
परिजनों ने थाने में की दोनों की पिटाई
इस पर युवती के परिजनों ने दोनों को जमकर पीटा। इसकेबाद भी दोनों साथ रहने पर अड़ी रहीं तो उन्हें थाने ले जाया गया। पुलिस ने पूछताछ की तो दोनों युवतियों ने बताया कि वह बालिग हैं और एक-दूसरे के साथ ही रहेंगी। इसके बाद पुलिस ने सभी को घर भेज दिया। बहरिया प्रभारी निरीक्षक रवि प्रकाश ने कहा कि दोनों बालिग हैं, ऐसे में पुलिस इसमें कुछ नहीं कर सकती। उधर आक्राशित परिजनों ने थानेे में ही दोनों की फिर पिटाई कर दी। मऊआइमा निवासी युवती का कहना है कि वह सोमवार को एसडीएम केसमक्ष पेश होगी।
दोनों बीएससी की हैं छात्रा
समलैंगिक विवाह की चर्चा पूरे क्षेत्र में दिन भर होती रही। दोनों युवतियां बीएससी की छात्राएं हैं। थाना क्षेत्र स्थित युवती की शादी एक साल पहले हुई थी लेकिन कुछ दिनों बाद ही तलाक हो गया।
दो लड़कियों का आपस में विवाह करने का मामला थाने पर आया था। दोनों बालिग हैं, इसमें पुलिस कुछ नहीं कर सकती। चाहे तो वह समलैंगिक विवाह कर सकती हैं। इसके लिए उनको एसडीएम के पास जाकर अपना प्रमाण पत्र बनवाने को कहा गया है। - रवि प्रकाश, प्रभारी निरीक्षक, बहरिया।