प्रयागराज : ब्लॉक प्रमुख पद के लिए सत्ताधारी दल के नेताओं में होगी जबरदस्त भिड़ंत
- निर्विरोध हुए दो बीडीसी में से निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख पद के हैं प्रबल दावेदार
- सपा नेता अशोक के बेटे और भाई में से एक लड़ेगा ब्लाक प्रमुखी का चुनाव
- भाजपा नेता पवन द्विवेदी और अनिरुद्घ पटेल भी भाजपा से हैं प्रबल दावेदार
विस्तार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के सोमवार को आए बीडीसी सदस्य के परिणाम के बाद बहादुरपुर ब्लॉक में प्रमुख पद की दावेदारी की तस्वीर काफी हद तक साफ हो गई है। सबसे ज्यादा रस्साकसी सत्ताधारी दल भाजपा में है। बहादुरपुर विकास खंड से ब्लाक प्रमुख पद पर निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अरुणेंद्र यादव डब्बू के अलावा पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं नवनिर्वाचित बीडीसी सदस्य अनिरुद्घ सिंह पटेल और पवन द्विवेदी भी टिकट के दावेदारों में शामिल हो गए हैं। इनके अलावा तीन और बीडीसी भी भाजपा से टिकट के दावेदार हैं। इसी प्रकार समाजवादी पार्टी से भी कई बीडीसी सदस्य टिकट की दावेदारी को मैदान में आकर डट गए हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद अब ब्लाक प्रमुख पद के लिए चुनाव होगा। पंचायत चुनाव में जीत दर्ज करने वाले बीडीसी सदस्य ही भावी ब्लाक प्रमुख का चुनाव करेंगे। बहादुरपुर ब्लॉक में कुल 93 बीडीसी सदस्य भावी ब्लॉक प्रमुख चुनेंगे। बीडीसी ही ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में भी उतरते हैं। भावी ब्लॉक प्रमुख की दौड़ में शामिल होने वाले बीडीसी प्रत्याशियों में कइयों ने निर्विरोध निर्वाचित होने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। पर निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख अरुणेंद्र और उनके भाई के अलावा कोई भी निर्विरोध जीत हासिल नहीं कर सका।