प्रयागराज : बारिश का कहर, ढहे कई मकान, 18 की मौत, सैकड़ों घरों में घुसा पानी
शहर के गऊघाट में एक मकान की छत ढहने से 55 वर्षीया अनीता सोधिया की मौत हो गई। देर रात हादसे में जान गंवाने वाली महिला पुत्र अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
बारिश का कहर जान ही नहीं माल पर भारी पड़ रहा है। आफत बनी बारिश से मंडल में दो दर्जन से अधिक मकान ढह गए। मलबे में दबने से 18 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति की जान सांप काटने से भी गई है। वहीं बारिश का क्रम बृहस्पतिवार को भई नहीं रुका। 20 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से चली हवाओं संग बारिश आफत बनी रही। शहर की अधिकतर सड़कों और गलियों में दो से तीन फीट पानी लगा रहा। 12 से अधिक मोहल्लों के सैकड़ों घरों में पानी घुस गया।
शहर के गऊघाट में एक मकान की छत ढहने से 55 वर्षीया अनीता सोधिया की मौत हो गई। देर रात हादसे में जान गंवाने वाली महिला पुत्र अंकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक हादसे के समय मां-बेटे किराए के कमरे में सो रहे थे। वहीं उंचामंडी में स्थित शास्त्री स्मारक जूनियर हाई स्कूल की सीमेंटेड टीन शेड गिर गया। राहत रही कि कोई चपेट में नहीं आया वरना किसी भी प्रकार की अनहोनी हो सकती थी।एक अन्य घटना में कीडगंज में मसुरिया माई मंदिर की गली में नगर निगम स्कूल की दीवार भरभरा कर गिर गई। इससे घंटों रास्ता बाधित रहा।
लालापुर के कचारी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह एक कंपनी के फार्म हाउस के दो तल के जर्जर मकान की छत व दीवार गिरने से दो सुरक्षा गार्डों शिव गुलाम (45) व राम कैलाश उर्फ गुब्बा (42) की मौत हो गई। इसी तरह कोरांव और मऊआइमा में दीवार गिरने से किसान और वृद्धा की मौत हो गई। कोरांव के कुकुरहटा गांव में कच्चे मकान की दीवार ढहने से गोकुल व उसकी पत्नी दुर्घटिया (60) मलबे में दब गए। दुर्घटिया की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गोकुल गंभीर चोटें आईं। मऊआइमा थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा वीरभानपुर निवासी राम मूरत यादव 50 कच्ची दीवार ढहने से दब गए। लोगों ने जब उन्हें बाहर निकाला, उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं प्रतापगढ़ में भारी बारिश से ढहे मकानों के मलबे में दबने से चार महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई।
उदयपुर के कुम्हीडीहा निवासी घर में सो रहे अमरजीत सिंह (65) के ऊपर दीवार गिर गई। श्रीनाथपुर में दो कच्चे मकान गिर गए। जिसके मलबे में दबने से कुसुम मौर्या (25) सांसें थम गईं। कौशाम्बी में सिराथू के कोरी का पुरवा निवासी हीरालाल (70),प्रेम नारायण की पत्नी मुर्दी (55), सिराथू क्षेत्र के रामपुर बढ़नावा गांव निवासी सूरज (15) की दीवार गिरने से मौत हो गई।